कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच सोमवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। कारोबार की शुरुआत से ही दोनों कीमती धातुओं पर दबाव देखा गया। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय माहौल और निवेशकों की रणनीति बदलने का असर घरेलू कीमतों पर साफ दिखाई दिया। नए दाम सामने आने के बाद खरीदारी करने वालों की नजरें भी बाजार पर टिक गई हैं।
चांदी में 1,800 रुपये की तेज गिरावट
ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, चांदी की कीमत 1,800 रुपये टूटकर 2,45,200 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 2,47,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। वहीं 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 300 रुपये सस्ता होकर 1,55,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। शुक्रवार को इसका भाव 1,55,300 रुपये प्रति 10 ग्राम था। कीमतों में यह गिरावट खरीदारों के लिए राहत की खबर मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें : सिलेंडर आया नहीं, ‘डिलीवर’ का मैसेज! LPG स्कैम ने बढ़ाई लोगों की टेंशन
विदेशी बाजार से मिला दबाव
विशेषज्ञों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी पर दबाव बना रहा। हाजिर चांदी 2.09 प्रतिशत फिसलकर 74.31 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई, जबकि हाजिर सोने का भाव भी गिरकर 4,722.26 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। बाजार विश्लेषकों का कहना है कि अमेरिका और ईरान से जुड़ी भू-राजनीतिक परिस्थितियों तथा डॉलर और बॉन्ड यील्ड में मजबूती का असर कीमती धातुओं पर पड़ा है। इसी वजह से घरेलू बाजार में भी नरमी देखने को मिली।
निवेशकों की नजर अगले कदम पर
जानकारों का कहना है कि हालिया तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली भी की है, जिससे कीमतों में गिरावट आई। हालांकि वैश्विक अनिश्चितता अभी भी बनी हुई है, इसलिए बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। ऐसे में निवेशक आने वाले दिनों के संकेतों पर नजर बनाए हुए हैं। बता दें कि मंगलवार, 14 अप्रैल को डॉ. B. R. Ambedkar जयंती के अवसर पर सर्राफा बाजार बंद रहेंगे।