घरेलू कमोडिटी बाजार में गुरुवार को सोना और चांदी दोनों ने उतार-चढ़ाव भरा कारोबार दिखाया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने का 5 अगस्त 2026 कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1 लाख 41 हजार 270 रुपये के मुकाबले गिरावट के साथ खुला। शुरुआत में सोना करीब 1 लाख 40 हजार 672 रुपये तक पहुंच गया था। हालांकि थोड़ी देर बाद खरीदारी बढ़ी और दाम फिर ऊपर चढ़ गए।
1.42 लाख के करीब पहुंचा गोल्ड
सुबह के कारोबार में सोने में तेजी देखने को मिली। करीब 9 बजकर 45 मिनट पर सोना 240 रुपये की बढ़त के साथ 1 लाख 41 हजार 510 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा था। दिन के शुरुआती सत्र में सोने ने 1 लाख 40 हजार 543 रुपये का निचला स्तर और 1 लाख 41 हजार 989 रुपये का ऊंचा स्तर छुआ। यानी बाजार खुलते ही गिरावट आई लेकिन जल्द ही खरीदारी ने गोल्ड को संभाल लिया।
चांदी ने भी दिखाई मजबूत वापसी
चांदी की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई। 3 जुलाई 2026 का चांदी कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 2 लाख 13 हजार 75 रुपये के मुकाबले नीचे खुला और 2 लाख 10 हजार 308 रुपये तक पहुंच गया। लेकिन इसके बाद चांदी में भी तेजी लौट आई। सुबह 10 बजकर 14 मिनट तक चांदी करीब 989 रुपये की बढ़त के साथ 2 लाख 14 हजार 64 रुपये प्रति किलो पर कारोबार करती दिखाई दी।
ये भी पढे़ं : Passport क्यों नहीं है नागरिकता का अंतिम सबूत? 13 साल पुराने हाई कोर्ट फैसले से समझें पूरा मामला
अंतरराष्ट्रीय बाजार में मिला जुला रुख
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी की चाल अलग-अलग रही। कॉमेक्स पर सोना मामूली तेजी के साथ करीब 4 हजार 11 डॉलर प्रति औंस के आसपास रहा। वहीं चांदी में दबाव दिखा और यह करीब 57 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करती नजर आई। ग्लोबल मार्केट की चाल का असर घरेलू बाजार पर भी देखने को मिल रहा है।
निवेशकों के लिए क्या संकेत
पिछले कुछ महीनों में सोना और चांदी दोनों में बड़ी गिरावट देखी गई है। ऐसे में मौजूदा तेजी को निवेशक सतर्क नजर से देख रहे हैं। बाजार में उतार-चढ़ाव अभी जारी रह सकता है क्योंकि डॉलर की चाल अंतरराष्ट्रीय मांग और वैश्विक आर्थिक संकेतक दोनों कीमती धातुओं की कीमत तय करेंगे। खरीदारी या निवेश से पहले अपने शहर का ताजा रेट और विशेषज्ञ की सलाह जरूर देखें।