देशभर में लगातार दूसरे दिन सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी तेजी देखने को मिली है। इंटरनेशनल मार्केट में तेजी का असर अब घरेलू बाजारों में साफ दिखाई दे रहा है। एमसीएक्स पर सोने का भाव 546 रुपये उछलकर 1,52,678 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया है। वहीं चांदी की कीमत में भी जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया है।
चांदी ने मचाया धमाका
चांदी की कीमतों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली। एमसीएक्स पर सिल्वर 2506 रुपये बढ़कर 2,55,771 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई। वहीं सर्राफा बाजार में चांदी का रेट 2,70,000 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। कारोबारियों का कहना है कि इंटरनेशनल मार्केट में तेजी और निवेशकों की बढ़ती खरीदारी से चांदी लगातार मजबूत बनी हुई है।
दिल्ली मुंबई में नया रेट
दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 1,52,290 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया है। वहीं 22 कैरेट सोना 1,39,610 रुपये प्रति 10 ग्राम बिक रहा है। मुंबई और कोलकाता में 24 कैरेट गोल्ड 1,52,140 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 1,39,460 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है। चेन्नई में सोने की कीमत सबसे ज्यादा बनी हुई है।
ये भी पढ़ें : Hormuz बंद होने से दुनिया में मचा तेल संकट, फिर भी कैसे बिना रुके चल रही हैं भारत की रिफाइनरियां, पढ़ें यहां
चेन्नई में सबसे महंगा
चेन्नई में 24 कैरेट सोना 1,53,830 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है। वहीं 22 कैरेट गोल्ड 1,41,010 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। पुणे और बेंगलुरु में भी सोने के दाम मजबूत बने हुए हैं। कारोबारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में कीमतों में और उतार चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
क्यों बढ़ रहे हैं दाम
विशेषज्ञों के मुताबिक कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और इंटरनेशनल बाजार में बढ़ती खरीदारी से सोने को सपोर्ट मिला है। होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर चिंता थोड़ी कम हुई है, जिससे बाजार में हलचल बनी हुई है। हालांकि वैश्विक तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, इसलिए निवेशक अभी भी सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की तरफ बढ़ रहे हैं।
आगे क्या होगा असर
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में उतार चढ़ाव जारी रह सकता है। अमेरिका में ब्याज दरों और वैश्विक हालात का असर लगातार बाजार पर दिखाई देगा। वहीं चीन और पोलैंड जैसे देश लगातार गोल्ड रिजर्व बढ़ा रहे हैं। इसी वजह से लंबे समय में सोने की कीमतों को मजबूत सपोर्ट मिलता हुआ दिखाई दे रहा है फिलहाल लगातार तेजी बनी हुई है।