सोना और चांदी की कीमतों में बुधवार को जबरदस्त उछाल देखने को मिला। MCX पर सोना एक झटके में 11 हजार रुपये से ज्यादा महंगा हो गया, जबकि चांदी में भी 22 हजार रुपये से अधिक की तेजी दर्ज की गई। इस अचानक उछाल की सबसे बड़ी वजह केंद्र सरकार द्वारा कीमती धातुओं पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने का फैसला माना जा रहा है।
सरकार ने कितना बढ़ाया टैक्स
केंद्र सरकार ने सोना और चांदी समेत अन्य कीमती धातुओं पर लगने वाली इंपोर्ट ड्यूटी को 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया है। इसके तहत बेसिक कस्टम ड्यूटी 5% से बढ़ाकर 10% कर दी गई है, जबकि AIDC भी 1% से बढ़ाकर 5% किया गया है। यानी अब विदेश से सोना-चांदी मंगाना काफी महंगा हो जाएगा।
MCX पर सोने में बड़ा उछाल
वायदा कारोबार में 24 कैरेट सोने का भाव मंगलवार को 1,53,442 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। लेकिन बुधवार को बाजार खुलते ही यह तेजी से उछलकर 1,64,497 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। यानी कुछ ही घंटों में सोने की कीमत में करीब 11,055 रुपये की बढ़ोतरी हो गई।
ये भी पढ़ें : मौत या हत्या? सवालों के घेरे में प्रतीक यादव की मौत, समाजवादी पार्टी ने की जांच की मांग
चांदी ने भी पार किया बड़ा स्तर
चांदी की कीमतों में भी जोरदार तेजी रही। 3 जुलाई एक्सपायरी वाली सिल्वर कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 2,79,062 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 3,01,429 रुपये तक पहुंच गई। इस हिसाब से चांदी करीब 22,367 रुपये महंगी हो गई। बाजार में इस तेजी को सरकार के फैसले और संभावित आयात कमी से जोड़कर देखा जा रहा है।
पीएम मोदी की अपील के बाद बड़ा कदम
नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से एक साल तक गैर-जरूरी सोना खरीदने से बचने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि सोने के भारी आयात से विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव पड़ता है। माना जा रहा है कि सरकार का यह नया कदम सोने के आयात को कम करने और डॉलर की बचत करने की रणनीति का हिस्सा है।