मेरठ। किराए के मकान में रहने वाली सोना कारीगर की पत्नी ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पहुंची पुलिस ने जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
सदर बाजार थाना क्षेत्र के तैली मोहल्ले में पश्चिम बंगाल निवासी टोटन बावरी उर्फ राहुल अपनी पत्नी व चार साल के बेटे के साथ राजू के मकान में किराए पर रहता है। राहुल सदर सर्राफा बाजार में सोना कारीगर का काम करता है। बुधवार को सुबह वह अपने काम पर चला गया और घर पर उसकी पत्नी टुंपा बावरी व चार साल का बेटा सुधांशु थे। कुछ समय बाद उसकी पत्नी ने घर के पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल थाना पुलिस को सूचना दी। पहुंची पुलिस ने जानकारी लेने के बाद कमरे का गेट खोलकर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलने पर मृतका महिला का पति राहुल तुरंत घर पहुंचा। सर्राफा बाजार व स्थानीय लोगों की मौके पर भीड़ जमा हो गई।
सदर इंस्पेक्टर इंद्रपाल सिंह ने बताया आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।