दिल्ली और नोएडा मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों के लिए जल्द ही बड़ी खुशखबरी आने वाली है। अब उन्हें दोनों मेट्रो के लिए अलग-अलग ऐप और मेट्रो कार्ड रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जल्द ही एक ही ऐप के जरिए यात्री दोनों मेट्रो का क्यूआर टिकट निकाल कर यात्रा कर सकेंगे, और इसके बाद एक ही कार्ड से दोनों मेट्रो में सफर करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय, नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (NMRC) और दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने मिलकर इस दिशा में काम शुरू कर दिया है।
एक ऐप से क्यूआर टिकट की सुविधा का परीक्षण शुरू
नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने पहले ही अपने ऐप से एक्वा मेट्रो (नोएडा मेट्रो) के साथ-साथ दिल्ली मेट्रो का क्यूआर टिकट निकालने की सुविधा का परीक्षण शुरू कर दिया है। NMRC अधिकारियों के अनुसार, इस नए सिस्टम में ऐप पर दिल्ली और नोएडा मेट्रो के रूट अलग-अलग दिखेंगे। नोएडा मेट्रो का टिकट सामान्य रूप से जारी होगा, जबकि दिल्ली मेट्रो के लिए सेक्टर-52 से सफर करने के लिए दिल्ली मेट्रो का विकल्प चुनना होगा, जिसके बाद उसका क्यूआर कोड टिकट जारी होगा। यह टिकट उपयोग न होने तक 'एक्टिव' दिखेगा और स्कैन करने के बाद 'उपयोग में' प्रदर्शित होने लगेगा। परीक्षण समाप्त होते ही इसके लॉन्च की तारीखों की घोषणा की जा सकती है।
एक कार्ड से सफर की सुविधा भी जल्द
क्यूआर टिकट के अलावा, दोनों मेट्रो में एक ही कार्ड से सफर करने की सुविधा भी जल्द ही शुरू की जाएगी। इसके लिए मंत्रालय स्तर पर लगातार बैठकें हो रही हैं। इन बैठकों में नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड को लागू करने पर जोर दिया जा रहा है। हाल ही में हुई बैठकों में नोएडा और दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन से ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन गेट (AFC) में बैंक आधारित लूप चालू करने की तैयारियों पर जानकारी ली गई। नोएडा मेट्रो ने बताया है कि उनके पास बैंक आधारित कार्ड स्वीकार करने की सुविधा पहले से है, बस दूसरे लूप को चालू करने की जरूरत है।
गुरुग्राम की रैपिड मेट्रो की तरह सुविधा
फिलहाल यात्रियों को नोएडा मेट्रो के लिए NMRC ऐप और दिल्ली मेट्रो के लिए मोमेंटम 2.0 ऐप का उपयोग करना पड़ता है। इसी तरह, दोनों मेट्रो के कार्ड भी अलग-अलग हैं, जिससे दिल्ली मेट्रो से नोएडा या ग्रेटर नोएडा जाने वाले यात्रियों को सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर उतरने के बाद एक्वा लाइन के लिए नया कार्ड या टिकट लेना पड़ता है। हालांकि, गुरुग्राम की रैपिड मेट्रो में दिल्ली मेट्रो का कार्ड चलता है, जिससे यात्रियों को सहूलियत मिलती है। अब नोएडा और दिल्ली मेट्रो में भी ऐसी ही सुविधा मिलने की उम्मीद है।
नमो भारत रेल के लिए भी एक कार्ड पर चर्चा
मंत्रालय की बैठकों में नोएडा, दिल्ली मेट्रो के साथ-साथ नमो भारत रेल के लिए भी एक कॉमन कार्ड शुरू करने पर चर्चा हुई है। मंत्रालय से जल्द ही मेट्रो कॉर्पोरेशन्स को इस संबंध में विस्तृत निर्देश जारी किए जाने की उम्मीद है।यात्री अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए, नोएडा मेट्रो ने विभिन्न ई-वॉलेट के माध्यम से भी टिकट उपलब्ध कराने की योजना बनाई है। इस व्यवस्था को विकसित करने के लिए एजेंसियों से प्रस्ताव (RFP) मांगे गए हैं, जिसकी अंतिम तिथि 6 अगस्त है। नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के कार्यकारी निदेशक महेंद्र प्रसाद ने बताया, "नोएडा और दिल्ली मेट्रो में एक ऐप से क्यूआर टिकट की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही एक कार्ड शुरू करने की तैयारी है। हमारी कोशिश है कि जल्द ही यह सुविधा शुरू कर दी जाए, जिससे यात्रियों को बड़ी सहूलियत मिलेगी।"