.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3Db8b1b513-306b-426d-8aff-28e4bc1a6eaa&w=3840&q=75)
MBBS Admission: मेडिकल की तैयारी कर रहे अभ्यर्थिों के लिए खुशखबरी है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने वर्ष 2025 में एमबीबीएस और पीजी पाठ्यक्रमों के लिए लगभग 8000 नई सीटें बढ़ाने की संभावना बताई है। आपको बता दें कि नीट यूजी 2025 की काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। काउंसलिंग का पहला राउंड पूरा हो गया है, वहीं दूसरा राउंड 25 अगस्त से शुरू होने की संभावना है।
मेडिकल कॉलेजों का निरीक्षण कार्य चल रहा
एनएमसी के चेयरपर्सन डॉ. अभिजीत शेठ ने बताया कि मेडिकल कॉलेजों का निरीक्षण कार्य तेजी से चल रहा है और शीघ्र ही इन अतिरिक्त सीटों को उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि इस शैक्षणिक वर्ष में प्राप्त आवेदनों की संख्या के आधार पर हमें लगभग 8,000 सीटों (यूजी और पीजी सीटों को मिलाकर) की वृद्धि की उम्मीद है। ऐसे में नीट-यूजी या पीजी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह शानदार अवसर हो सकता है।
क्यों की गई सीबीआई जांच
आपको बता दें कि इस वर्ष जुलाई में सीबीआई द्वारा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग और कुछ निजी मेडिकल कॉलेजों पर भ्रष्टाचार और नियम उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया था। जिसके कारण नया कोर्स शुरू करने और सीटें बढ़ाने की प्रक्रिया रोक दी गई थी। इस भ्रष्टाचार में एजेंसी ने एफआईआर में 34 लोगों के नाम दर्ज किए थे, जिनमें स्वास्थ्य मंत्रालय के आठ अधिकारी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण का एक अधिकारी और एनएमसी निरीक्षण दल के पांच डॉक्टर शामिल थे।
मेडिकल कॉलेजों में अभी कितनी सीटें हैं?
वर्तमान में ग्रेजुएशन लेवल यानि एमबीबीएस में कुल 1,18,098 सीटें, जिनमें से 59,782 सरकारी कॉलेजों में और 58,316 निजी कॉलेजों में हैं। वहीं पीजी में कुल 53,960 सीटें, जिनमें 30,029 सरकारी और 23,931 निजी कॉलेजों की हैं। इस साल सीबीआई जांच की वजह से कुछ यूजी सीटें कम हुई थीं। लेकिन निरीक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद सीटों की संख्या 8,000 या उससे भी अधिक बढ़ सकती है।