Google Internship: अगर आप पढ़ाई के साथ-साथ किसी बड़ी टेक कंपनी में काम करने का सपना देख रहे हैं, तो यह खबर आपके काम की है। जी हां दरअसल, गूगल की ओर से साल 2026 के लिए यूजी, पीजी और PhD छात्रों के लिए कई पेड इंटर्नशिप और रिसर्च प्रोग्राम शुरू किए गए हैं। इन इंटर्नशिप्स के जरिए छात्रों को कुछ नया सीखने और कमाने का अच्छा मौका मिलेगा।
कैसे करें आवेदन
गूगल की इन पेड इंटर्नशिप के लिए आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले Google Careers वेबसाइट पर जाना होगा। इसके बाद यहां अपनी योग्यता के अनुसार इंटर्नशिप चुनकर उस पर एप्लाई करना होगा। फिर अपना अपडेटेड रिज्यूमे और मांगी गई जरूरी जानकारी भरना होगा और अंत में सबमिट कर देना होगा। आवेदन करने के बाद उम्मीदवार समय-समय पर वेबसाइट चेक करते रहें।
कहां करवाई जाएगी इंटर्नशिप
आपको बता दें कि गूगल की ये इंटर्नशिप्स भारत के बड़े टेक हब्स में कराई जाएगी। इसमें बेंगलुरु, पुणे और हैदराबाद जैसे शहर शामिल हैं। यहां छात्रों को इंडस्ट्री-लेवल एक्सपीरियंस मिलेगा, जो आगे चलकर करियर बनाने में काफी मददगार साबित हो सकता है। अलग-अलग प्रोग्राम्स की अलग-अलग आखिरी तारीख तय की गई है।
यह भी पढ़ें: Jobs 2026: EXIM बैंक में डिप्टी मैनेजर के पदों पर निकली भर्ती, जानिए कौन कर सकता है आवेदन
इन प्रोग्राम के लिए करें आवेदन
1. सिलिकॉन इंजीनियरिंग पीएचडी इंटर्नशिप
इस इंटर्नशिप के लिए कंप्यूटर साइंस, कंप्यूटर इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल या इससे जुड़े तकनीकी विषयों में पीएचडी कर रहे छात्र आवेदन कर सकते हैं। इसमें छात्र गूगल की टीम के साथ मिलकर नेक्स्ट जेनरेशन क्लाउड सिलिकॉन के डिजाइन और डेवलपमेंट पर काम करेंगे। इसके लिए आवेदन की आखिरी तारीख 31 मार्च 2026 है।
2. सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग पीएचडी इंटर्नशिप
यह इंटर्नशिप सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट या तकनीकी क्षेत्रों में पीएचडी कर रहे छात्रों के लिए है। जिसमें छात्रों को रियल प्रोजेक्ट्स पर काम करने, प्रोफेशनल स्किल्स सीखने और अनुभवी इंजीनियरों के साथ काम करने का मौका मिलेगा।
3. स्टूडेंट रिसर्चर प्रोग्राम
इस प्रोग्राम के लिए कंप्यूटर साइंस, गणित, सांख्यिकी, अर्थशास्त्र, भाषाविज्ञान, नेचुरल साइंस या इससे जुड़े विषयों में ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन या पीएचडी कर रहे छात्र आवेदन कर सकते हैं। छात्रों को गूगल की रिसर्च और इंजीनियरिंग टीमों के साथ मिलकर वास्तविक दुनिया की बड़ी समस्याओं पर रिसर्च करने का मौका मिलेगा।