Google Warning: गूगल ने एक बार फिर ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी किया है, जिसमें लाखों लोगों को फ्री VPN ऐप्स से सावधान रहने को कहा है। गूगल की यह वॉर्निंग VPN सर्विसेज के लिए है। अगर आपने हाल फिलहाल फ्री VPN डाउनलोड किया है, तो इससे आपकी टेंशन बढ़ सकती है। कंपनी के अनुसार VPN सर्विसेज की आड़ में छिपे कुछ ऐप्स एक खतरनाक मैलवेयर होते हैं।
बैंक अकाउंट तक साफ कर सकते हैं
आपको बता दें कि गूगल के साथ-साथ अमेरिका की साइबर सुरक्षा एजेंसी CISA ने भी लोगों को आगाह किया है कि ऐसे VPN ऐप्स आपकी निजी जानकारी चुराकर आपके बैंक अकाउंट तक साफ कर सकते हैं। ये ऐप्स आपकी ऑनलाइन गतिविधि को छिपाने की बजाय चुपचाप आपकी सबसे सेंसिटीव इन्फर्मेशन्स को चुरा सकते हैं। CISA का कहना है कि इससे सुरक्षा एक जगह से दूसरी जगह ट्रांसफर हो जाती है, जिससे रिस्क और भी बढ़ जाता है। CISA का उद्देश्य लोगों को हर दिन होने वाले साइबर खतरे कम करने में मदद करना है इसलिए उनकी सलाह को हल्के में नहीं लेना चाहिए।
फोन में कोड भेजते हैं
वहीं गूगल की ओर से जारी की गई चेतावनी में बताया गया है कि कुछ VPN ऐप्स नकली पहचान बनाकर असली सर्विसेज की तरह दिखते हैं। इन्हें डाउनलोड करते ही ये फोन में ऐसे कोड भेजते हैं, जिससे आपकी निजी जानकारी उन तक पहुंच जाती है। ऐसे मैलवेयर आपकी चैट, ब्राउजिंग डेटा, बैंकिंग ऐप्स के पासवर्ड और यहां तक कि क्रिप्टो वॉलेट का एक्सेस भी चुरा सकते हैं। इससे आपके फोन का पूरा डेटा और आपके अकाउंट का पैसा खतरे में पड़ सकता है। वहीं कुछ VPN तो रिमोट एक्सेस भी इनेबल कर सकते हैं, जिससे हैकर यूजर के डिवाइस में सीधे एंटर कर सकते हैं और इसका यूजर को पता तक नहीं चलता है।
Play Protect हमेशा चालू रखें
गूगल ने यह भी बताया गया है कि एंड्रॉइड और गूगल प्ले स्टोर पर खतरनाक ऐप्स का पता लगाने के लिए और अपने फोन की सुरक्षा बनाए रखने के लिए Play Protect हमेशा चालू रखें। एंड्रॉइड में मौजूद Play Protect इन फर्जी ऐप्स को पकड़ने में मदद करता है। यह फीचर उन ऐप्स को इंस्टॉल होने से रोक देता है जो संदिग्ध परमिशन मांगते हैं या धोखाधड़ी के मामलों में शामिल पाए गए हैं।
इन बातों का रखें ध्यान
बता दें कि गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर पर लिस्टेड VPN ऐप्स का ही इस्तेमाल करना चाहिए। अगर आप एंड्रॉइड यूजर हैं और प्ले स्टोर पर VPN ढूंढ रहे हैं, तो सुनिश्चित करें कि आपका प्ले प्रोटेक्ट चालू है। प्ले प्रोटेक्ट को बंद करके किसी बाहरी ऐप को इंस्टॉल करना बेहद खतरनाक हो सकता है। साथ ही फ्री VPN का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए।