गूगल मैप पर शॉर्टकट चुनना दिल्ली लौट रहे पांच दोस्तों के लिए जानलेवा साबित हुआ। महाकाल दर्शन के बाद दिल्ली लौट रही युवकों की कार उज्जैन के पास तेज रफ्तार में एक अंधे मोड़ पर अनियंत्रित हो गई और पहले बैरिकेड से टकराई, फिर पेड़ से जा भिड़ी। तेज रफ्तार की वजह से कार ने चार-पांच पलटियां खाईं और चकनाचूर हो गई। हादसे में विधि छात्र आरव लोहिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत शुरू की गई।
गूगल मैप पर चुना था एबी रोड तक पहुंचने का शॉर्टकट
यह हादसा उज्जैन जिले के घट्टिया थाना क्षेत्र के मालीखेड़ी गांव के पास हुआ। दिल्ली निवासी आरव लोहिया, उज्ज्वल गुप्ता, अर्जुन वशिष्ठ, नचिकेत और मृदुल आर्य महाकाल मंदिर से दर्शन के बाद गाड़ी से दिल्ली लौट रहे थे। उन्होंने गूगल मैप की मदद से आगर-तराना-मक्सी होते हुए एबी रोड पकड़ने का शॉर्टकट चुना। यह रास्ता संकरा और खतरनाक मोड़ों से भरा हुआ था।
तेज रफ्तार, अंधा मोड़ और भयानक टक्कर
कार की रफ्तार लगभग 110 किलोमीटर प्रतिघंटा थी। पालखंदा मोड़ पर गाड़ी अनियंत्रित होकर पहले बैरिकेड और फिर एक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद कार चार से पांच बार पलटी, जिससे वह पूरी तरह चकनाचूर हो गई। सीट बेल्ट लगाए आरव लोहिया की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य चार युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
गांववालों ने बचाई जान, तुरंत पहुंची पुलिस
हादसे की तेज आवाज़ सुनकर रुणजी और मालीखेड़ी गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को कार से बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सभी को जिला अस्पताल उज्जैन भेजा गया। मौके पर घट्टिया टीआई करण खोवाल भी टीम के साथ पहुंचे और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
घायल युवक ने बताया पूरा घटनाक्रम
घायल उज्ज्वल गुप्ता ने बताया कि सभी दोस्त पढ़ाई कर रहे हैं – कोई लॉ में, कोई मेडिकल और इंजीनियरिंग में। उज्ज्वल के अनुसार, हम उदयपुर होकर उज्जैन पहुंचे थे। दिल्ली लौटने के लिए गूगल मैप पर शॉर्टकट रास्ता चुना। मोड़ पर तेज़ रफ्तार के कारण कार सीधे बैरिकेड से टकराई और फिर पेड़ से। जब होश आया तो अस्पताल में थे, और डॉक्टर ने आरव की मौत की खबर दी।
TI बोले - गूगल शॉर्टकट और तेज रफ्तार बना हादसे की वजह
घट्टिया टीआई करण खोवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह गाड़ी की तेज रफ्तार और अंधा मोड़ था। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। मृतक और घायलों के परिवारों को सूचना दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।