
AI Hub In India: अमेरिकी टेक दिग्गज गूगल ने भारत में अपनी सबसे बड़ी निवेश की घोषणा कर दी है। कंपनी ने बताया भारत में 15 अरब डॉलर यानी करीब 1,26,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। यह निवेश आंध्र प्रदेश में एक विशाल डेटा सेंटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) हब बनाने के लिए होगा। सुंदर पिचाई ने इस सिलसिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात भी की है। बता दें, यह गूगल का अमेरिका के बाहर सबसे बड़ा एआई हब बनेगा, जो भारत को वैश्विक टेक मैप पर और मजबूत करेगा।
"AI हब का प्लान किया शेयर"
सुंदर पिचाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसको लेकर एक पोस्ट भी शेयर की है. उन्होंने लिखा, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करके बहुत अच्छा लगा। आगे उन्होनें लिखा कि हमने विशाखापट्टतम में बनने वाले गूगल के पहले AI हब का प्लान शेयर किया। यह एक ऐतिहासिक कदम होगा. इस हब में गीगावॉट स्तर की कंम्यूटिंग क्षमता, एक नया अंतरराष्ट्रीय सबसी गेटवे और बड़े पैमाने पर एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल होगा। AI नवाचार को गति देंगे और देश भर में विकास को गति देंगे।
रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
वहीं, गूगल क्लाउड हेड थॉमस कूरीयन ने कहा, 'भारत अब सिर्फ उपभोक्ता नहीं, बल्कि AI इनोवेशन का जनरेटर बन रहा है'। वहीं मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि विशाखापट्टनम में गूगल का AI हब न केवल तकनीकी विकास लाएगा बल्कि रोजगार और स्टार्टअप इकोसिस्टम को भी बढ़ावा देगा।
आंध्र प्रदेश में आर्टीफीशियल इंटेलीजेंस बेस बनेगा
आपको बता दें कि गूगल ने मंगलवार को कहा कि वो अगले पांच सालों में भारत में करीब 15 अरब डॉलर का निवेश करेगा। कंपनी ने विशाल डेटा सेंटर और आंध्र प्रदेश में आर्टीफीशियल इंटेलीजेंस बेस बनाने की घोषणा की है। ये अमेरिका के बाहर सबसे बड़ा एआई हब होगा। गूगल विशाखापत्तनम में 1 गीगावॉट का डेटा सेंटर कैंपस बनाएगा। बता दें OpenAI भी इस साल के अंत में भारत में अपना ऑफिस खोलने की तैयारी कर रही है।