Gopal Khemka Murder: बिहार के चर्चित कारोबारी गोपाल खेमका हत्याकांड में अब सियासी मोड़ आ गया है। जेडीयू ने इस मामले को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से जोड़ते हुए आरोप लगाए हैं कि इस साजिश के पीछे RJD से जुड़े लोगों का हाथ हो सकता है। जेडीयू प्रवक्ताओं ने सवाल उठाया है कि मुख्य आरोपी अशोक साह, लालू प्रसाद यादव के सीए सुमन नायक के मकान में किराए पर रह रहा था। इससे राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है।
जेडीयू ने उठाए साजिश के सवाल
जेडीयू प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा कि पुलिस इस हत्याकांड की गहराई से जांच कर रही है और यह देखा जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपियों के संबंध किन-किन राजनीतिक लोगों से हैं। उन्होंने संकेत दिया कि साजिश कहीं गहरी हो सकती है।
अशोक साह का RJD कनेक्शन?
जेडीयू के वरिष्ठ प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने दावा किया है कि इस केस का मुख्य साजिशकर्ता अशोक साह, RJD अध्यक्ष लालू यादव के चार्टर्ड अकाउंटेंट सुमन नायक के मकान में किराए से रह रहा था। उन्होंने कहा कि यह संयोग नहीं हो सकता और इसकी जांच जरूरी है।
हत्या केस से बढ़ी राजनीतिक गर्मी
गोपाल खेमका की हत्या के बाद से राज्य की राजनीति गर्म है। अब जब इसमें विपक्षी पार्टी से संभावित संबंधों की बात सामने आ रही है, तो राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है। जेडीयू ने आरजेडी पर सीधा हमला बोल दिया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।