गोरखपुर। नाबालिग लड़की का अपहरण कर बेचने और बंधक बनाने के मामले में गोरखनाथ थाने के इंस्पेक्टर शशि भूषण राय को हटा दिया गया। उन्हें पुलिस लाइन का रास्ता दिखाया गया। वहीं प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह को गोरखनाथ थाने की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस ने पीडिया के बयान के आधार पर रेप की धारा बढ़ा दी है। पुलिस ने इस मामले में लड़की के इंस्टाग्राम दोस्त और स्पा नेटवर्क से जुड़े पिपराइच के आदित्य को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बरामद किए जाने के बाद लड़की ने मेडिकल कराने से इनकार कर दिया था। इसलिए उसके बयान के आधार पर इस केस में रेप की धारा बढ़ाई गई है। पुलिस की पूछताछ में कई और लोगों के नाम भी सामने आए हैं। अब उनकी भी तलाश चल रही है।
बता दें कि गोरखनाथ थाना क्षेत्र की रहने वाली 13 साल की लड़की की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए एक किशोर से हो गई थी। लगभग 6 महीने तक दोनों की बात होती रही और लड़की किशोर के बहकावे में आ गई। 5 जनवरी को लड़की घर से गायब हो गई और उसकी गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज की गई। पूछताछ में यह बात सामने आयी है कि लड़की किशोर के बहकावे में आकर उसके साथ चली गई। किशोर उसे लेकर भूमि पैलेस होटल लेकर गया। वहां लड़की से रेप करने के बाद वह भाग गया।
आरोप है कि लड़की को अकेला जानकर होटल मालिक धीरेंद्र उर्फ अभय सिंह ने उसे होटल में बंधक बना लिया। आरोप है कि तीन दिनों तक अलग-अलग लोगों ने उसके साथ रेप किया।
उसके बाद बड़हलगंज स्थित ग्रीन डायमंड स्पा को बेच दिया गया। वहां एक सप्ताह तक लड़की को बंधक बनाकर रखा गया। बाद में उसकी तबियत बिगड़ने पर नौसढ़ स्थित होटल पहुंचा दिया गया। यहीं से पुलिस ने उसे बरामद कर लिया।
इस मामले में लड़की के बयान के आधार पर शनिवार को तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पूछताछ व जांच में होटल मालिक, मैनेजर व स्पा सेंटर के मैनेजर की मिलीभगत सामने आयी थी। तीनों को जेल भेज दिया गया है। रविवार को दो और लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बंद कराया गया स्पा सेंटर
बड़हलगंज स्थित ग्रीन डायमंड स्पा को बंद करा दिया गया है। होटल भूमि पैलेस की वैधता की जांच के लिए जीडीए को पत्र लिखा गया है। यदि मानक के अनुरूप निर्माण नहीं मिला तो इस होटल को सील किया जा सकता है।