Gorakhpur Hyderabad Train : गोरखपुर को एक और अमृत भारत ट्रेन की सौगात मिली है। रेलवे बोर्ड ने गोरखपुर से सीधे हैदराबाद के चेरलापल्ली तक नई अमृत भारत ट्रेन चलाने को मंजूरी दे दी है। प्रस्तावित ट्रेन को 22075/22076 नंबर दिया गया है। यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी और गोरखपुर से हैदराबाद के बीच सीधी कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने वाली महत्वपूर्ण सेवा होगी।
गोरखपुर से पांचवीं अमृत भारत
नई ट्रेन के शुरू होने के बाद गोरखपुर से जुड़ी अमृत भारत ट्रेनों की संख्या पांच हो जाएगी। इससे पहले दरभंगा-आनंद विहार और दरभंगा-खातीपुरा अमृत भारत ट्रेनें गोरखपुर होकर गुजरती हैं। इसके अलावा गोरखपुर-दिल्ली और गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनल के लिए भी अमृत भारत सेवाओं को मंजूरी मिली है। नई ट्रेन से पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को मध्य भारत और दक्षिण भारत की ओर जाने का एक और विकल्प मिलेगा।
इन बड़े शहरों पर होगा ठहराव
गोरखपुर से हैदराबाद जाने वाली प्रस्तावित ट्रेन कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इसके मार्ग में गोंडा, बाराबंकी, गोमतीनगर, लखनऊ सिटी, ऐशबाग, कानपुर सेंट्रल, उरई, झांसी, बीना, भोपाल, इटारसी, बैतूल, नागपुर, चंद्रपुर, बल्लारशाह और काजीपेट जैसे स्टेशन शामिल हैं। इस रूट से यात्रियों को उत्तर प्रदेश से मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र होते हुए तेलंगाना तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
ये भी पढ़ें : भारत का LPG प्लान बदलेगा खेल, US से बढ़ेगा आयात तो कम होगी पश्चिम एशिया पर निर्भरता
रविवार को गोरखपुर से चलेगी
प्रस्तावित समय-सारणी के अनुसार ट्रेन नंबर 22076 गोरखपुर से रविवार सुबह 8 बजे रवाना होगी और दूसरे दिन शाम करीब 5 बजे हैदराबाद पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन नंबर 22075 शुक्रवार रात 9:45 बजे हैदराबाद से चलेगी और तीसरे दिन सुबह करीब 6:25 बजे गोरखपुर पहुंचने का समय निर्धारित किया गया है। अंतिम समय-सारणी रेलवे की ओर से जारी होने के बाद परिचालन से जुड़ी जानकारी और स्पष्ट हो सकेगी।
दक्षिण भारत की कनेक्टिविटी मजबूत
गोरखपुर से हैदराबाद के लिए सीधी अमृत भारत ट्रेन शुरू होने से यात्रियों को बार-बार ट्रेन बदलने की जरूरत कम हो सकती है। खासकर नौकरी, कारोबार, शिक्षा और अन्य कामों से दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को इसका फायदा मिलने की उम्मीद है। रेलवे की ओर से ट्रेन का संचालन इसी महीने शुरू किए जाने की संभावना बताई जा रही है।