अगर आप अगले कुछ दिनों में ट्रेन से सफर करने वाले हैं तो पहले अपनी ट्रेन की जानकारी जरूर जांच लें। गोरखपुर जंक्शन पर वॉशिंग पिट नंबर 1 और 2 के दोबारा निर्माण का काम चल रहा है। इसी वजह से कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। रेलवे ने साफ किया है कि मार्च के आखिर तक यह काम पूरा होने की उम्मीद है। तब तक कुछ ट्रेनें रद्द रहेंगी और कुछ को बदले रास्ते से चलाया जाएगा।
दिल्ली और बांद्रा जाने वाली ट्रेनें रद्द
रेलवे के अनुसार गोरखपुर-दिल्ली स्पेशल 26 मार्च 2026 तक रद्द रहेगी, जबकि दिल्ली-गोरखपुर स्पेशल 27 मार्च 2026 तक नहीं चलेगी। गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल 27 मार्च तक और बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर स्पेशल 28 मार्च तक रद्द की गई है। इसके अलावा दादर-गोरखपुर स्पेशल और गोरखपुर-दादर स्पेशल को मऊ जंक्शन तक सीमित कर दिया गया है। यानी गोरखपुर और मऊ के बीच ये ट्रेनें नहीं चलेंगी।
कुछ ट्रेनें शॉर्ट टर्मिनेट होंगी
बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस 29 मार्च तक बलरामपुर तक ही आएगी और वहीं से लौटेगी। इसी तरह गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस भी 31 मार्च तक बलरामपुर से ही चलेगी। लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस 29 मार्च तक गोंडा तक ही आएगी। वहीं गोरखपुर से चलने वाली वापसी की ट्रेन 31 मार्च तक गोंडा से शुरू होगी।
ये भी पढ़ें : सड़क हादसे में मुफ्त इलाज! जानें PM राहत योजना में किसे मिलेगा 1.5 लाख तक का कैशलेस फायदा
कई ट्रेनों का बदला गया मार्ग
कुछ ट्रेनों का रास्ता भी बदला गया है। लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस 15 फरवरी तक आजमगढ़ तक और उसके बाद 29 मार्च तक भटनी स्टेशन तक ही जाएगी। वापसी की ट्रेन भी तय तारीखों तक आजमगढ़ और भटनी से ही चलेगी। साबरमती-गोरखपुर एक्सप्रेस 28 मार्च तक थावे तक सीमित रहेगी और पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस 26 मार्च तक बढ़नी तक ही आएगी।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि सफर से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर देखें। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म या रेलवे की आधिकारिक सूचना के जरिए अपडेट लें। अचानक स्टेशन पहुंचने से परेशानी हो सकती है। जिन ट्रेनों का रूट बदला गया है, उनके यात्रियों को अतिरिक्त समय का ध्यान रखना चाहिए।
मार्च के अंत तक सामान्य होगी सेवा
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होते ही ट्रेनों का संचालन सामान्य कर दिया जाएगा। फिलहाल यह कदम भविष्य में बेहतर सुविधा और सुचारु संचालन के लिए उठाया गया है। इसलिए यात्रा की योजना बनाते समय तारीख और ट्रेन नंबर की दोबारा जांच जरूर कर लें, ताकि सफर बिना परेशानी के हो सके।