Gorakhpur University Protest : दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रों का आंदोलन मंगलवार को उस समय चर्चा में आ गया, जब एक दारोगा का कथित धमकी भरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में पुलिस अधिकारी आंदोलन कर रहे छात्रों को सख्त चेतावनी देते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
क्या है वायरल वीडियो?
वायरल वीडियो में दारोगा छात्रों से कहते सुनाई दे रहे हैं कि, “इतनी फोर्स लगाऊंगा कि ठंडा कर दूंगा, जान नहीं रहे हो, ये गोरखपुर पुलिस है।” वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष ने पुलिस के रवैये पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने साधा निशाना
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस को संयम बरतने की सलाह दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि आंदोलनकारी छात्रों के साथ सौम्यता और धैर्य का व्यवहार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ये छात्र हैं, कोई अपराधी नहीं, इसलिए उनके साथ उसी तरह का व्यवहार किया जाना चाहिए।
ये भी पढ़ें : UP के बुजुर्गों को मिलने जा रहा बड़ा सहारा, अब कम किराये में मिलेगा सुरक्षित घर, सरकार लाई नई तैयारी
कांग्रेस ने भी उठाए सवाल
कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने भी इस घटना को लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि गोरखपुर पुलिस का रवैया छात्रों के प्रति कठोर है और यह लोकतांत्रिक विरोध की भावना के खिलाफ माना जा सकता है। विपक्ष लगातार इस मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है।
25 अगस्त से जारी है धरना
जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय में छात्र विभिन्न समस्याओं और कथित अनियमितताओं को लेकर 25 अगस्त से प्रशासनिक भवन के सामने धरना दे रहे हैं। 5 सितंबर से छात्र नेता सतीश प्रजापति और उज्ज्वल सिंह भूख हड़ताल पर भी बैठ गए। छात्रों का कहना है कि उनकी मांगों पर अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है।
धक्का-मुक्की तक पहुंचा मामला
मंगलवार को एडिशनल प्रॉक्टर डॉ. वेद प्रकाश राय छात्रों से बातचीत करने पहुंचे थे, लेकिन बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। छात्रों और प्रशासन के बीच कहासुनी के बाद स्थिति धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। आरोप है कि कुछ छात्रों ने प्रॉक्टर को दौड़ा लिया, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। फिलहाल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और छात्र आंदोलन जारी है।