Lifestyle News : घर में त्योहार या किसी खास मौके पर पूड़ियां बनना आम बात है. कई बार पूड़ियां बच जाती हैं और अगले दिन उन्हें खाने का मन नहीं करता। ऐसे में इन्हें फेंकने के बजाय थोड़ी सी क्रिएटिविटी से स्वादिष्ट स्नैक्स तैयार किए जा सकते हैं। बची हुई पूड़ियों से बनने वाले ये नाश्ते आसान होने के साथ-साथ काफी चटपटे भी हैं.
1. कुरकुरे पूड़ी कटलेट
बची हुई पूड़ियों को छोटे टुकड़ों में तोड़कर मिक्सी में पीस लें. इसमें उबले आलू, बारीक प्याज, हरा धनिया, हरी मिर्च और स्वादानुसार नमक, लाल मिर्च व चाट मसाला मिलाएं। मिश्रण को कटलेट का आकार देकर तवे पर थोड़ा तेल लगाकर सेंक लें। चाहें तो एयर फ्रायर में भी क्रिस्पी कर सकते हैं। इसे हरी चटनी के साथ परोसें.
2. चटपटे पूड़ी चिप्स
पूड़ियों को छोटे चौकोर या त्रिकोण आकार में काट लें. इन्हें हल्का कुरकुरा होने तक सेंकें या एयर फ्रायर में तैयार करें। ऊपर से चाट मसाला, लाल मिर्च और थोड़ा काला नमक डालकर मिलाएं। शाम की चाय के साथ यह झटपट स्नैक बढ़िया लगेगा.
3. दही पूड़ी का नया अंदाज
पूड़ी को छोटे टुकड़ों में तोड़कर एक कटोरे में रखें। ऊपर से फेंटा हुआ दही डालें. इसमें भुना जीरा, काला नमक, लाल मिर्च और चाट मसाला मिलाएं। स्वाद बढ़ाने के लिए हरी या इमली की चटनी भी डाल सकते हैं.
4. मिनी पूड़ी टैको
उबले आलू और थोड़ा पनीर मसालों के साथ भून लें। पूड़ी पर हरी चटनी और सॉस लगाकर यह मिश्रण रखें और पूड़ी को मोड़ दें. तवे पर हल्का कुरकुरा होने तक सेंकें। तैयार है देसी अंदाज का मिनी टैको.
5. मसालेदार पूड़ी टोस्ट
पूड़ियों को पीसकर इसमें उबला आलू, प्याज, हरा धनिया और मसाले मिलाएं. मिश्रण को छोटे आकार में फैलाकर तवे पर दोनों तरफ से सुनहरा सेंक लें. इसे टोमैटो सॉस या हरी चटनी के साथ परोसें.
ध्यान रखें
बची हुई पूड़ी का इस्तेमाल तभी करें जब उसे सही तरीके से रखा गया हो और उसमें खराब होने की गंध, फफूंदी या असामान्य स्वाद न हो. इस तरह बचा हुआ खाना भी स्वादिष्ट नाश्ते में बदला जा सकता है.