साउथ फिल्म इंडस्ट्री की उभरती एक्ट्रेस गौरी किशन (Gouri Kishan) इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘अदर्स’ के प्रमोशन में बिजी हैं, लेकिन हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने ऐसा जवाब दिया जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। प्रमोशनल इवेंट में एक यूट्यूबर ने गौरी से उनके वजन को लेकर सवाल पूछ लिया और फिर जो हुआ उसने सभी का ध्यान खींच लिया। गौरी ने उस सवाल का जवाब पूरे आत्मविश्वास और सटीकता से दिया, जिससे वे बॉडी शेमिंग के खिलाफ एक मजबूत आवाज बनकर सामने आईं।
अगर यही सवाल किसी मेल एक्टर से पूछा जाता तो क्या होता?
गौरी किशन ने स्टेटमेंट जारी करते हुए कहा- एक पब्लिक फिगर होने के नाते मैं समझती हूं कि हमें कई दफा स्क्रूटनी का शिकार होना पड़ता है। ये मेरे प्रोफेशन का हिस्सा है। लेकिन डायरेक्टली या इनडायरेक्टली अगर किसी की बॉडी पर कमेंट किया जाए तो ये किसी भी तौर पर सही बात नहीं है। काश कि उस समय मुझसे मेरी फिल्म और मेरे काम के बारे में सवाल किए जाते। मैं इसमें कुछ नहीं कर सकती लेकिन मैं हैरान होकर ये सोचती हूं कि अगर ये सवाल इसी एग्रेसिव टोन में मेल एक्टर्स से पूछा जाता तो क्या होता। लेकिन इतनी सक्षम हूं कि मैं ऐसे मुश्किल समय में खुद के लिए स्टैंड ले सकते हैं।
ये सिर्फ मेरे लिए नहीं, हर महिला के लिए एक संदेश है
गौरी किशन ने अपने बयान में महिलाओं से अपील की कि वे बॉडी शेमिंग जैसी बातों पर चुप न रहें। उन्होंने कहा, यह सिर्फ मेरे लिए नहीं, बल्कि हर उस महिला के लिए जरूरी है जो कभी इस तरह की परिस्थिति का सामना करती है। हमें गलत के खिलाफ आवाज उठाने का पूरा हक है। अगर किसी सवाल या व्यवहार से असहज महसूस हो, तो ना कहना बिल्कुल सही है।
उन्होंने यह भी कहा कि समाज में बाहरी खूबसूरती को जरूरत से ज्यादा महत्व दिया जाता है, जबकि असल में किसी इंसान की पहचान उसके काम और सोच से होती है। गौरी चाहती हैं कि उनकी ये घटना सबके लिए एक रिमाइंडर बने कि आत्म-सम्मान से बड़ा कुछ नहीं होता।
जनता और सेलेब्स ने दिखाया सपोर्ट
गौरी किशन के इस इंसिडेंट के बाद उनके सपोर्ट में कई सारे लोग उतरे हैं। एक शख्स ने लिखा- इंटरव्यू में आपका जवाब मुझे अच्छा लगा। इसके अलावा उस यूट्यूबर को मेरा कोई सपोर्ट नहीं है। वहीं एक दूसरे शख्स ने लिखा- इस ग्रेस और प्राउड के साथ बेबाकी के साथ आपने अपना पॉइंट रखा इसके लिए आपको शुक्रिया। एक अन्य शख्स ने इसपर लिखा- आपने गरिमा दिखाई और अपनी बात रखी, अब आगे बढ़ने का वक्त है।