Indians from Iran: ईरान में लगातार बिगड़ते हालात और बढ़ती सुरक्षा चिंताओं के बीच भारत सरकार ने वहां फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए फुलप्रूफ इमरजेंसी प्लान तैयार कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक, तेहरान से भारत के लिए पहली फ्लाइट 16 जनवरी को उड़ान भर सकती है। इस अभियान में सबसे पहले छात्रों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित देश वापस लाया जा सके।
तेहरान से पहली फ्लाइट
सरकारी सूत्रों के अनुसार, विदेश मंत्रालय (MEA) ईरान में मौजूद भारतीयों की वापसी को लेकर सक्रिय हो गया है। तेहरान से भारत के लिए पहली विशेष फ्लाइट 16 जनवरी को रवाना होने की संभावना है। इसमें मेडिकल और अन्य पाठ्यक्रमों में पढ़ रहे छात्रों को प्राथमिकता दी जाएगी, क्योंकि मौजूदा हालात में उनकी सुरक्षा को लेकर सबसे ज्यादा चिंता जताई जा रही है।
इंटरनेट बंद
ईरान के कई इलाकों में इंटरनेट और संचार सेवाएं ठप होने के कारण भारतीय दूतावास के अधिकारी खुद ज़मीनी स्तर पर छात्रों और नागरिकों से संपर्क कर रहे हैं। दूतावास अलग-अलग इलाकों में जाकर यह जानकारी जुटा रहा है कि कौन-कौन भारत लौटना चाहता है। अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा हालात में ऑनलाइन माध्यमों पर पूरी तरह भरोसा नहीं किया जा सकता।
यह भी देखेंःManikarnika Ghat: मणिकर्णिका घाट पर सियासी संग्राम, खरगे ने PM मोदी पर लगाए गंभीर आरोप
बढ़ती हिंसा से सुरक्षा को लेकर चिंता
ईरान में बड़े पैमाने पर हो रहे विरोध प्रदर्शनों ने स्थिति को गंभीर बना दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आर्थिक संकट और मुद्रा में गिरावट के बाद शुरू हुए प्रदर्शन अब देशभर में फैल चुके हैं। अधिकार समूहों का दावा है कि हिंसा और कार्रवाई में हजारों लोगों की जान जा चुकी है, जिससे विदेशी नागरिकों की सुरक्षा पर भी खतरा बढ़ गया है।
भारत सरकार की एडवाइजरी
भारत सरकार ने पहले ही अपने नागरिकों को ईरान छोड़ने की सलाह जारी कर दी है। एडवाइजरी में कहा गया है कि भारतीय नागरिक अपने पासपोर्ट और जरूरी दस्तावेज तैयार रखें, प्रदर्शन वाले इलाकों से दूर रहें और किसी भी मदद के लिए भारतीय दूतावास से संपर्क में रहें। सरकार ने साफ किया है कि नागरिकों की सुरक्षित वापसी उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।