दशहरा के अवसर पर योगी सरकार किसानों को कृषि यंत्रों की खरीद पर अनुदान देगी। इसके लिए किसान सात से 20 अक्तूबर तक कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। विभाग ने विभिन्न योजनाओं के तहत हजारों यंत्रों को अनुदान के दायरे में रखा है। संयुक्त कृषि निदेशक (अभियंत्रण) बलराम वर्मा के मुताबिक नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन के तहत सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना में 2166 कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत 1755 यंत्रों पर सहायता दी जाएगी। अन्य योजनाओं में कृषि रक्षा उपकरण भी शामिल हैं।
10-10 लाख रुपये तक के प्रावधान
कस्टम हायरिंग सेंटर और फार्म मशीनरी बैंक की स्थापना के लिए 10-10 लाख रुपये तक के प्रावधान हैं। फसल अवशेष प्रबंधन के तहत कस्टम हायरिंग सेंटर और एकल यंत्रों के लिए 30 लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान है। किसान ड्रोन समेत अन्य उपकरणों पर भी अनुदान पा सकेंगे।
कृषि रक्षा यंत्रों के लिए आवेदन किया
इसके अलावा त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम में मेज सेलर, मिलेट पर्लर तथा कीट-रोग नियंत्रण योजना में कृषि रक्षा यंत्रों के लिए आवेदन किया जा सकेगा। किसान www.agriculture.up.gov.in पर ‘किसान कॉर्नर’ में ‘यंत्र बुकिंग प्रारंभ’ विकल्प के जरिए आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर चयन, अनुदान और बुकिंग की पूरी प्रक्रिया उपलब्ध है।