त्योहारों के मौसम में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए दिल्ली सरकार ने जांच और छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने राजधानी के तीन अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए कुल 948.9 लीटर घी जब्त किया। अधिकारियों ने घी के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तीन इलाकों में हुई छापेमारी
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने बुधवार को दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के भोगल मार्केट, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के नजफगढ़ मार्केट और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शिव विहार में कार्रवाई की। भोगल से 389.9 लीटर और नजफगढ़ से 338 लीटर घी जब्त किया गया। वहीं, शिव विहार में दिल्ली पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर 221 लीटर घी कब्जे में लिया गया। विभाग ने भोगल और नजफगढ़ मार्केट से घी के कुल 15 नमूने भी एकत्र किए।
प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
विभाग के मुताबिक, जब्त किए गए घी के नमूनों को निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के आधार पर जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल नमूनों की जांच रिपोर्ट सामने आना बाकी है। रिपोर्ट में किसी तरह की गड़बड़ी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि त्योहारों के दौरान मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए बाजारों में निगरानी लगातार जारी रहेगी।
यह भी देखेंःत्योहारों पर हवाई सफर हुआ महंगा! Delhi-Kolkata का टिकट ₹78 हजार पार, किराया 7 गुना तक बढ़ा
जांच व्यवस्था होगी हाईटेक, बढ़ेगा स्टाफ
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखना और मिलावट पर रोक लगाना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से मजबूत किया जाएगा। साथ ही, विभाग में कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर अन्य विभागों से भी कर्मचारियों की सहायता ली जाएगी, ताकि ज्यादा क्षेत्रों में नियमित निगरानी और समय पर कार्रवाई संभव हो सके।
मिलावट की शिकायत के लिए जारी किया हेल्पलाइन नंबर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अभियान में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिलावट के खिलाफ कार्रवाई किसी एक वर्ग या कंपनी तक सीमित नहीं रहेगी। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे मिलावटी, खराब गुणवत्ता वाले या एक्सपायर्ड खाद्य उत्पादों की बिक्री की जानकारी विभाग तक पहुंचाएं। शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-11-3921 पर कार्यालय समय के दौरान संपर्क किया जा सकता है। सरकार का कहना है कि खाद्य सुरक्षा से जुड़े अभियान को पूरे साल जारी रखा जाएगा, ताकि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी तरह का समझौता न हो।