
Bihar Election: महागठबंधन ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। इसका नाम 'तेजस्वी प्रण' रखा गया है। इस घोषणापत्र में कई महत्वपूर्ण वादे किए गए हैं। इस घोषणापत्र के कवर पेज पर तेजस्वी यादव के फोटो को रखा गया। महागठबंधन ने साफ कर दिया है कि तेजस्वी यादव ही महागठबंधन की ओर से सीएम का चेहरा होंगे। महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव, पवन खेड़ा, दीपांकर भट्टाचार्य, मुकेश सहनी शामिल हुए।
घोषणपत्र में अहम वादे
हर घर नौकरी: महागठबंधन ने वादा किया है कि सरकार बनने के 20 महीने के अंदर हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी।
महिलाओं के लिए: महिलाओं को 2500 रुपये मासिक देने का वादा किया गया है।
मुफ्त बिजली: 200 यूनिट फ्री बिजली देने का ऐलान किया गया है।
पुरानी पेंशन योजना: महागठबंधन ने पुरानी पेंशन योजना को लागू करने का वादा किया है।
स्वास्थ्य बीमा: स्वास्थ्य बीमा के लिए भी कई वादे किए गए हैं।
भूमिहीनों को जमीन: भूमिहीनों को जमीन देने का वादा किया गया है।
शराबबंदी कानून की समीक्षा: शराबबंदी कानून की समीक्षा करने का भी वादा किया गया है।
इस घोषणापत्र को जारी करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि यह घोषणापत्र बिहार के युवाओं, किसानों और आम लोगों की उम्मीदों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनते ही इन वादों को पूरा किया जाएगा।
क्या बोले पवन खेड़ा
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि महागठबंधन ने पहले से ही सीएम पद के उम्मीदवार की घोषणा की है। हमने अपने घोषणापत्र को भी सबसे पहले सामने लेकर आए हैं। इससे पता चलता है कि बिहार को लेकर कौन गंभीर है. हमने पहले दिन से यह तय किया था कि हम बिहार के लिए क्या करेंगे। हमें बिहार को विकास की पटरी पर लाना है। आज का दिन बेहद शुभ है। इसकी वजह बिहार राज्य इस 'प्रण' के पूरे होने का इंतजार रहा है।