मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल एक बार फिर ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बनने जा रही है। 31 मई को जंबूरी मैदान में आयोजित होने वाले महिला सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का औपचारिक न्योता दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया। यह सम्मेलन देवी अहिल्या बाई होल्कर के जयंती वर्ष के अवसर पर हो रहा है, जिसमें 2 लाख से अधिक महिलाओं के जुटने की संभावना है। इस दौरान पीएम मोदी अहिल्या बाई के सम्मान में 300 रुपए मूल्य का एक विशेष स्मारक सिक्का भी जारी करेंगे। इसके साथ ही वे प्रदेश की प्रमुख परियोजनाओं - इंदौर मेट्रो, सतना व दतिया एयरपोर्ट का वर्चुअल लोकार्पण भी करेंगे। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण, सुशासन और विकास का एक महत्वपूर्ण संगम बनने जा रहा है।
पीएम मोदी से मुलाकात के साथ तय हुआ कार्यक्रम का स्वरूप
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी से विस्तारपूर्वक चर्चा कर सम्मेलन की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि यह आयोजन नारी शक्ति के सम्मान और योगदान को समर्पित है। पीएम मोदी ने इसमें शामिल होने की स्वीकृति देते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
दो लाख से ज्यादा महिलाओं की उपस्थिति संभावित
भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित इस सम्मेलन में प्रदेशभर से 2 लाख से ज्यादा महिलाओं के शामिल होने की संभावना है। प्रधानमंत्री जहां कार्यक्रम को संबोधित करेंगे, वहीं कुछ चयनित महिलाओं से सीधा संवाद भी कर सकते हैं। सम्मेलन में महिलाएं शासन की योजनाओं, अधिकारों और अवसरों पर चर्चा करेंगी।
विकास की नई रफ्तार – मेट्रो और एयरपोर्ट परियोजनाओं का उद्घाटन
महिला सम्मेलन के मंच से पीएम मोदी इंदौर मेट्रो का शुभारंभ करेंगे और सतना व दतिया एयरपोर्ट का वर्चुअल लोकार्पण भी करेंगे। इससे प्रदेश में आधारभूत संरचना को नई गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
देवी अहिल्या के सम्मान में 300 रुपए का स्मारक सिक्का
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री अहिल्या बाई होल्कर की स्मृति में 300 रुपए का विशेष सिक्का जारी करेंगे। यह सिक्का एक ऐतिहासिक दस्तावेज होगा जो उनके न्याय, सुशासन और जनसेवा के मूल्यों को भावी पीढ़ी तक पहुंचाएगा।