दवा के बहाने से घर में घुस परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले तीन नकाबपोश बदमाशों को पुलिस गिरफ्तार किया है। इनमें एक बदमाश रिश्ते में पीड़ित परिवार का धेवता लगता है। बदमाशों से पुलिस ने लूट गए जेवर और नकदी बरामद की है। धेवता और एक बदमाश बिजनौर का रहने वाला है, जबकि एक बदमाश उत्तर-पूर्वी दिल्ली का है।
बदमाशों ने हत्या करने की धमकी दी
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया, एक अगस्त को अमीरुद्दीन निवासी गली नंबर-दो हुमायूनगर ने लोहिया नगर थाने में तहरीर दी थी, जिसमें बताया था कि तीन नकाबपोश बदमाश दवा लेने के बहाने से घर में घुस गए थे और पिता सलीमुद्दीन से दरवाजा खुलवा कर हथियारों के बाल महिलाओं से कानों के कुंडल, चांदी की पाजेब समेत 60 हजार लूट कर भाग गए थे। विरोध करने पर बदमाशों ने हत्या करने की धमकी दी थी।
बदमाशों को पकड़ने के लिए तीन टीम गठित की
उन्होंने बताया, मुकदमा दर्ज कर बदमाशों को पकड़ने के लिए तीन टीम गठित की थी। थाना प्रभारी सुमित सिंह ने टीम के साथ बदमाशों को पकड़ने के लिए 300 से अधिक स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो उसमें तीनों बदमाश कैद हो गए। पीड़ित परिवार ने बदमाशों की फुटेज देखने के बाद एक बदमाश को पहचान लिया, जो पीड़ित परिवार का रिश्ते में धेवता लगता है। थाना प्रभारी सुमित सिंह ने बताया, बदमाशों की पहचान होने पर उनकी गिरफ्तारी के लिए एसएसपी अविनाश पांडेय के आदेश पर अभियान चलाया गया था। रविवार को एक सूचना के आधार पर बिजली बंबा से घोसीपुर जाने वाले रास्ते से तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
दस हजार की नकदी बरामद की
तीनों बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटे गए जेवर और दस हजार की नकदी बरामद की। थाना प्रभारी ने पकड़े गए बदमाशों के नाम मोहम्मद अनस मोहल्ला किला आदर्श कॉलोनी,अफजलगढ़, थाना अफजलगढ़, जिला बिजनौर, आसिफ निवासी मोहल्ला पटेरी, नगीना, थाना कोतवाली नगीना, जिला बिजनौर और अमन निवासी डी-129, गली नंबर-एक ओल्ड मुस्तफाबाद, थाना दयालपुर, जिला उत्तर-पूर्वी दिल्ली बताया है। उन्होंने बताया, अनस पीड़ित परिवार का रिश्ते में धेवता लगता है और उस पर सात मुकदमे दर्ज है। पुलिस ने तीनों बदमाशों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समझ पेश करने के बाद जेल भेज दिया।