नोएडा। बचपन का दोस्त और पड़ोसी… साथ रहते थे, साथ शराब पीते थे, लेकिन छोटी-सी बात पर खून का प्यासा बन गया। ग्रेटर नोएडा के हबीबपुर गांव में 1 दिसंबर की रात को हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने महज 48 घंटे के अंदर सफल अनावरण कर दिया है। थाना इकोटेक-3 पुलिस ने हत्यारोपी सौरभ को स्पार्क मिण्डा कंपनी गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल की गई खून लगी ईंट भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक विक्रम (उम्र करीब 30 वर्ष) और आरोपी सौरभ दोनों मूल रूप से अलीगढ़ जिले के रहने वाले थे और बचपन के दोस्त थे। दोनों हबीबपुर में एक किराए के कमरे में साथ रहते थे और आसपास की फैक्ट्रियों में मजदूरी करते थे।1 दिसंबर 2025 की रात दोनों ने साथ शराब पी। नशे में खर्चे और छोटी-मोटी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ी कि सौरभ ने गुस्से में आकर कमरे में पड़ी ईंट उठाई और विक्रम के सिर पर कई बार वार कर दिए। विक्रम की मौके पर ही मौत हो गई।सौरभ शव को कमरे में ही छोड़कर फरार हो गया था।
मृतक के भाई की रिपोर्ट पर थाना इकोटेक-3 में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और मुखबिर की सूचना पर बुधवार को सौरभ को स्पार्क मिण्डा कंपनी गेट से हौलेण्ड चौराहे की तरफ जाते समय दबोच लिया।पूछताछ में सौरभ ने अपना गुनाह कबूल कर लिया और बताया कि शराब के नशे में उसने यह वारदात कर दी। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल ईंट भी बरामद कर ली है।आरोपी सौरभ पुत्र संजू सिंह 30 वर्ष मूलतः जिरोली हीरा सिंह, थाना अकराबाद, जिला अलीगढ़ का निवासी है।