नोएडा। ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में एक सगाई समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया। जश्न के बीच अवैध तमंचे से की गई फायरिंग में समारोह में वेटर के रूप में काम कर रहे 18 वर्षीय युवक पुष्पेंद्र को गोली लग गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से अवैध पिस्टल बरामद की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना बुधवार की रात को बिसरख क्षेत्र में एक सगाई समारोह के दौरान हुई। समारोह में शराब के नशे में धुत होकर किसी व्यक्ति ने हवा में हर्ष फायरिंग शुरू कर दी, लेकिन गोली सीधे वेटर पुष्पेंद्र पुत्र संतोष (उम्र 18 वर्ष, निवासी देव विहार कॉलोनी, लाल कुआं, गाजियाबाद) के पेट में लग गई। घायल युवक को तुरंत ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही थाना बिसरख पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर गुरुवार को पुलिस ने देर रात हनुमान चौराहा के पास सर्विस रोड पर छापेमारी कर मुख्य अभियुक्त दुर्वेश कुमार बैसोया पुत्र ब्रह्मपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त निवासी रिस्तल, थाना टीलामोड़, गाजियाबाद (वर्तमान पता: दिलशाद गार्डन, दिल्ली) है।अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध पिस्टल (.32 बोर) सहित एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 110/109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा संख्या 125/2026 दर्ज किया है।
थाना बिसरख पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ की जा रही है। हर्ष फायरिंग की घटना में शामिल अन्य संभावित व्यक्तियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि ऐसी लापरवाहीपूर्ण फायरिंग से न केवल जान-माल को खतरा होता है, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा भी प्रभावित होती है।
ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में शादी-सगाई जैसे आयोजनों में हर्ष फायरिंग की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रहती हैं, जिसके चलते प्रशासन ने सख्त चेतावनी जारी की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि खुशी के मौकों पर भी हथियारों का इस्तेमाल न करें और कानून का पालन करें।