
ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र के चुहुड़पुर अंडरपास के पास रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (GBU) के तीन बीटेक छात्रों की जान चली गई। तीनों छात्र एक ही बाइक पर सवार होकर खाना खाने निकले थे, लेकिन रास्ते में उनकी बाइक एक पानी के टैंकर से टकरा गई। हादसे के समय तीनों छात्रों ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था, जिससे सिर में गंभीर चोटें आने के कारण उनकी मौत हो गई।
इन छात्रों की गई जान
हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों की पहचान स्वयं सागर (19), कुश उपाध्याय (21) और समर्थ पुंडीर (18) के रूप में हुई है। स्वयं सागर गाजियाबाद के पंचवटी कॉलोनी के निवासी थे, कुश उपाध्याय उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के धम्मौर थाना क्षेत्र से थे, जबकि समर्थ पुंडीर बरेली के सैटेलाइट कॉलोनी से ताल्लुक रखते थे। बताया गया है कि रविवार शाम करीब 5 बजे तीनों छात्र निंबस के पास खाने के लिए निकले थे। चुहुड़पुर अंडरपास के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक एक पानी के टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत कासना के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने स्वयं सागर और कुश उपाध्याय को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल पहुंचते ही डाक्टरों ने किया मृत घोषित
समर्थ पुंडीर को प्राथमिक उपचार के बाद ग्रेटर नोएडा के फोर्टिस अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। बीटा-2 कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया गया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं विश्वविद्यालय प्रबंधन ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और बताया कि सूचना मिलते ही घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए तुरंत टीम भेजी गई थी।
हेलमेट बन सकता था जीवन रक्षक
यह हादसा एक बार फिर इस सच्चाई को सामने लाता है कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी, खासकर हेलमेट न पहनना, युवाओं की जान पर भारी पड़ सकता है। पुलिस ने भी लोगों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की सख्त अपील की है।