
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के आछेपुर गांव में एक दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय बीकॉम छात्र मनीष की मौत हो गई। शनिवार देर शाम मनीष अपने घर की छत पर बालकनी के करीब सोने के लिए चारपाई बिछा रहा था, तभी ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने उसे तुरंत ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
निजी कॉलेज में बीकॉम की पढ़ाई कर रहा था
मनीष, गांव निवासी सुंदर सिंह का बेटा था। ग्रेटर नोएडा के एक निजी कॉलेज में बीकॉम की पढ़ाई कर रहा था। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
गंभीर लापरवाही का आरोप
घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उनका कहना है कि गांव में बिजली की जर्जर लाइनें लंबे वक्त से खतरा बनी हुई है। विभाग को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन किसी तरह की कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग के कर्मचारी बिना रिश्वत लिए कोई काम नहीं करते।
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर कई लोगों की मौत
बिजली विभाग की ओर से दनकौर विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ अजय गुप्ता ने हादसे की जांच कराने की बात कही है। इससे पहले भी इस क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर कई लोगों की मौत हो गई। इससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।