
ग्रेटर नोएडा के इकोटेक तृतीय क्षेत्र (इकोटेक-3) में स्थित पोद्दार लर्न स्कूल में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। स्कूल में लंबे समय से कार्यरत 56 वर्षीय माली राकेश कुमार (पुत्र विश्वनाथ) को स्कूल की छत पर स्थित आरओ प्लांट के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया गया। पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला माना है, लेकिन परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, हालांकि अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार के अनुसार इस घटना के कारणों का पता लगाने को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। राकेश कुमार मूल रूप से तुस्याना गांव में किराए के मकान में रहते थे। वे स्कूल परिसर में बागवानी और रखरखाव का काम संभालते थे।
थाना इकोटेक की टीम ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से निरीक्षण किया। शव को ग्रेटर नोएडा के जिला अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
एडीसीपी ने बताया, "प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। कोई संदिग्ध परिस्थिति नजर नहीं आ रही, लेकिन सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।"