ग्रेटर नोएडा। दादरी थाना क्षेत्र की एक्सकोर्ट कॉलोनी में गैस सिलेंडर लीकेज के कारण एक घर में आग लग गई। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बुलंदशहर के अनूपशहर निवासी गंगाशरण (42) अपने परिवार के साथ एक्सकोर्ट कॉलोनी में किराए पर रहते हैं। उनके घर में गैस सिलेंडर से लीकेज हो रही थी। इसे ठीक करने के लिए उन्होंने गैस मैकेनिक सोनू को बुलाया। शाम के समय सोनू सिलेंडर और चूल्हे की जांच कर रहा था। इसी दौरान पड़ोस के घर में खाना बन रहा था। वहां से निकली आग की चिंगारी ने लीकेज गैस को पकड़ लिया और देखते ही देखते गंगाशरण के घर में आग फैल गई।
आग की चपेट में गंगाशरण, उनकी पत्नी मुनेश (40), बेटा वरुण (12) और मैकेनिक सोनू आ गए। चारों गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत आग पर काबू पाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मैकेनिक सोनू की हालत ज्यादा गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। दादरी पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गैस सिलेंडर लीकेज के कारण आग लगी थी। चार लोग झुलसे हैं और सभी का इलाज अस्पताल में चल रहा है।