दनकौर कोतवाली पुलिस ने मुतैना गांव के पास रजवाहे में दो दिन पहले मिले शव की पहचान अलीगढ़ के चंडौस निवासी शिखा के रूप में की है। जांच में सामने आया कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। पुलिस ने हत्या के आरोप में शिखा के पति को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पति ओला कंपनी की कार चलाता है। मृतका ग्रेटर नोएडा के एक होटल में काम करती थी। शिखा पहले से शादीशुदा थी और उसका एक बेटा गाजियाबाद के एक स्कूल में पढ़ता है। सितंबर 2025 में शिखा ने आरोपी की कार किराये पर बुक की थी, तभी दोनों की जान-पहचान हुई और अक्टूबर 2025 में उन्होंने सिकंद्राबाद के एक मंदिर में शादी कर ली।
चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी
शादी के बाद दोनों सिकंद्राबाद में किराये के मकान में रहने लगे। दो दिन पहले आरोपी ने शिखा को खुर्जा में किसी अन्य युवक की बाइक पर जाते देखा। इसी बात से नाराज होकर उसने शिखा को परसौल गांव में अपने मामा के यहां जाने का बहाना बनाकर कार में बैठा लिया और रास्ते में ही चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी। आरोप है कि आरोपी को भरोसा था कि उसका मामा उसे पुलिस से बचा लेगा।
मृतका के परिजनों को बुलाया गया
इसी कारण उसने शव को मामा के गांव के पास रजवाहे में फेंक दिया। शव मिलने पर पहले पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में पहचान होने पर पुलिस आरोपी तक पहुंच गई। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया है। मृतका के परिजनों को बुलाया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।