Greater Noida Garbage Video : सड़क पर कूड़ा फेंककर आगे बढ़ जाना कुछ लोगों को आसान लगता है, लेकिन ग्रेटर नोएडा के एक शख्स के साथ ऐसा करना भारी पड़ गया। यहां सड़क किनारे कूड़ा फेंकने के बाद वह आराम से जाने लगा, तभी अचानक कैमरे से जुड़े माइक पर आवाज आई। इसके बाद जो हुआ, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यह घटना ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-1 की है, जहां साफ-सफाई बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है।
कूड़ा फेंकते ही माइक से आने लगी आवाज
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना 9 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10.15 बजे हुई। एक शख्स अपने साथ बच्चे को लेकर आया था। उसके पास कूड़े से भरी पन्नी थी, जिसे उसने सड़क किनारे दीवार के पास फेंक दिया। इसके बाद वह वहां से जाने लगा। उसे शायद अंदाजा नहीं था कि उसकी यह हरकत सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो रही है। तभी निगरानी कर रहे व्यक्ति ने कैमरे से जुड़े माइक के जरिए उसे रोकने की कोशिश की।
अचानक आवाज सुनकर इधर-उधर देखने लगा शख्स
वीडियो में देखा जा सकता है कि माइक से आवाज आने पर शख्स रुक जाता है। उसे समझ नहीं आता कि उसे कौन बुला रहा है। इसके बाद उसे साफ शब्दों में कूड़ा उठाने के लिए कहा जाता है। साथ ही चेतावनी दी जाती है कि अगर उसने कूड़ा नहीं उठाया, तो अगले दिन उसका चालान किया जा सकता है। यह सुनकर वह वापस उसी जगह पहुंचता है, जहां उसने पन्नी फेंकी थी। फिर वह अपना कूड़ा उठाता है।
https://twitter.com/GreaterNoidaW/status/2108807152597164279
साफ-सफाई के लिए काम आ रही तकनीक
सेक्टर बीटा-1 में स्थानीय निवासियों की संस्था साफ-सफाई बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की मदद ले रही है। इन कैमरों के जरिए खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर नजर रखी जाती है। जरूरत पड़ने पर माइक से सीधे चेतावनी भी दी जाती है। इस घटना ने दिखाया है कि तकनीक का इस्तेमाल केवल सुरक्षा के लिए ही नहीं, बल्कि सार्वजनिक जगहों को साफ रखने के लिए भी किया जा सकता है। हालांकि, इस व्यवस्था का असर कितना लंबे समय तक रहता है, यह आगे देखने वाली बात होगी।
इसे भी पढ़ें : सलमान खान बने कंटेंट क्रिएटर, यूट्यूब पर भाईजान का नया अंदाज देख फैंस हुए एक्साइटेड
सोशल मीडिया पर वीडियो की हो रही चर्चा
वीडियो वायरल होने के बाद लोग इस तरीके की चर्चा कर रहे हैं। कई लोगों का मानना है कि अगर दूसरी कॉलोनियों में भी ऐसी व्यवस्था हो, तो सड़क पर कूड़ा फेंकने वालों को रोका जा सकता है। लेकिन शहर को साफ रखने की जिम्मेदारी सिर्फ कैमरों की नहीं है। हर व्यक्ति को भी अपनी आदत बदलनी होगी। कूड़ा हमेशा तय जगह पर डालना चाहिए, ताकि दूसरों को परेशानी न हो और आसपास गंदगी न फैले।