
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात सुंदर भाटी गैंग के खतरनाक अपराधी धर्मेंद्र उर्फ डीके को मुठभेड़ के बाद धर दबोचा। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक बिना नंबर प्लेट की ग्लैंजा कार, एक अवैध पिस्तौल और कई गोलियां बरामद की हैं।
पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने बताया कि मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग डिक्सन कंपनी कट के पास घूम रहे हैं। इस पर थाना इकोटेक प्रथम और स्वाट टीम ने मिलकर वहां बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की। तभी एक ग्लैंजा कार दिखी, जिसमें नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस ने कार को रोकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने रुकने की बजाय गाड़ी तेजी से भगाई और पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। पुलिस ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया। बंद भट्ठा के पास बदमाशों ने गाड़ी को गड्ढे में छोड़कर फिर से पुलिस पर फायरिंग की और भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश, धर्मेंद्र उर्फ डीके (30 साल, कामबख्श डेरिन गांव, थाना नॉलेज पार्क) घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। उसका एक साथी मौके से भाग निकला, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस इलाके में तलाशी अभियान चला रही है।
डीके सुंदर भाटी गैंग का बड़ा गुंडा है
एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि धर्मेंद्र उर्फ डीके सुंदर भाटी गैंग का बड़ा गुंडा है और थाना नॉलेज पार्क में उसका नाम हिस्ट्रीशीटर के रूप में दर्ज है। उस पर हत्या, लूट, डकैती और गैंगस्टर जैसे 24 से ज्यादा मामले चल रहे हैं। यह गिरफ्तारी पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में चल रहे "ऑपरेशन कन्विक्शन" का हिस्सा है, जिसका मकसद बड़े अपराधियों पर नकेल कसना है। पुलिस अब धर्मेंद्र के पूरे आपराधिक नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि इस गैंग को पूरी तरह खत्म किया जा सके।