ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दलेलगढ़ गांव में रविवार को एक हृदयविदारक हादसा हुआ। इसमें 3 वर्षीय बच्चे देवांश की गड्ढे में भरे पानी में डूबने से मौत हो गई। बच्चा खेलते-खेलते मंदिर के पास बने गहरे गड्ढे में गिर गया था। घटना की सूचना मिलते ही ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के संबंधित वर्क सर्कल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के बाद प्राधिकरण ने स्पष्ट बयान जारी किया है कि यह जमीन गांव के एक किसान के नाम पर दर्ज है और यह सरकारी तालाब नहीं है।
गड्ढे में काफी गहरा पानी था
मिली जानकारी के अनुसार बच्चे देवांश की मां अंजलि कुछ दिनों पहले अपने ससुराल सिकंदराबाद (बुलंदशहर) से मायके दलेलगढ़ आई थीं। परिवार डालेश्वर बाबा की समाधि पर भंडारे/तपस्या पूर्ण होने के मौके पर शामिल होने आया था। बच्चा खेलते हुए मंदिर के निकट बने गड्ढे में जा गिरा। गड्ढे में काफी गहरा पानी था और आसपास कोई बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड नहीं था, जिससे हादसा हुआ। परिजनों ने तुरंत प्रयास किए, लेकिन बच्चे को बचाया नहीं जा सका।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि यह निजी भूमि है
ग्रामीणों का आरोप है कि गड्ढा लंबे समय से खुला पड़ा था और इसमें पानी जमा रहता था, जिससे बच्चों के लिए खतरा बना हुआ था। कई लोग इसे सरकारी या प्राधिकरण की जमीन मानकर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि यह निजी भूमि है।
सुरक्षा उपायों की कमी पर सवाल खड़े
यह घटना ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में खुले गड्ढों, नालों और जलाशयों से जुड़े हादसों की एक और कड़ी है, जो सुरक्षा उपायों की कमी पर सवाल खड़े करती है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि प्राधिकरण ने शोक व्यक्त करते हुए स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की बात कही है।