नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी क्षेत्र अंतर्गत केमराला गांव में मामूली विवाद के दौरान दो युवकों मोहित और हरकेश के साथ मारपीट की गई। इस मारपीट में गंभीर रूप से घायल हरकेश की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि मोहित अभी भी अस्पताल में उपचाराधीन है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना, लेकिन पुलिस ने मौके पर शांति व्यवस्था स्थापित कर दी है।
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार के अनुसार, विवाद छोटी सी बात को लेकर शुरू हुआ था, जो देखते-ही-देखते मारपीट में बदल गया। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्भाग्यवश हरकेश की मौत हो गई, जबकि मोहित का इलाज जारी है।
पीड़ित पक्ष द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना दादरी पर तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों का गठन किया गया है और छापेमारी जारी है।मृतक हरकेश के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मौके पर शांति व्यवस्था कायम कर ली है और आगे की सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एडीसीपी सुधीर कुमार ने कहा कि मामले की गहन जांच चल रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। गांव में अफवाह या तनाव फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है