Greater Noida Accident: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक हाईराइज सोसाइटी में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। गौर सिटी-2 स्थित महागुन मायवुड्स सोसाइटी के टॉवर-23 की 23वीं मंजिल से गिरने के कारण पिता और उनके मासूम बेटे की जान चली गई। घटना के बाद सोसाइटी में मातम पसरा हुआ है। मृतकों की पहचान 40 साल के रणदीप पात्रा और उनके 11 वर्षीय बेटे आरव के तौर पर हुई है। जानकारी के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
खाटू श्याम मंदिर जाने की थी तैयारी
परिवार को शुक्रवार सुबह खाटू श्याम मंदिर जाना था। इसके लिए रणदीप अपने बेटे के साथ पूजा में इस्तेमाल होने वाले फूल लेने बालकनी में गए थे। बताया जा रहा है कि बारिश होने की वजह से बालकनी में पानी जमा था और फर्श काफी फिसलन भरा हो गया था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, फूल तोड़ने के दौरान सीढ़ी पर पैर फिसलने से हादसे की शुरुआत हुई। बताया जा रहा है कि इसी दौरान बच्चे का संतुलन बिगड़ा और वह बालकनी से नीचे लटक गया। बेटे को बचाने के लिए पिता ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उनका भी पैर फिसल गया। देखते ही देखते दोनों 23वीं मंजिल से नीचे जा गिरे। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पुलिस जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के आधार पर ही घटना की वजह सामने आई है।
यह भी पढ़ें: वोटर लिस्ट पर EC का बड़ा फैसला! दिल्ली-महाराष्ट्र समेत 6 राज्यों में SIR की तारीख बढ़ी, अब इस दिन आएगी फाइनल लिस्ट
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
हादसे की खबर मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। इस घटना से सोसाइटी के लोग सदमे में हैं। एक ही परिवार के दो सदस्यों की इस तरह मौत होने से आसपास के लोगों में दुख का माहौल है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।