यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आरके सिंह ने किसान को जमीन रजिस्ट्री के बाद भी भुगतान न करने की गंभीर लापरवाही पर बड़ा एक्शन लिया है। जनसुनवाई के दौरान एक बुजुर्ग किसान की शिकायत सुनने के बाद सीईओ ने महाप्रबंधक (जीएम) फाइनेंस अशोक कुमार सिंह सहित तीन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जमीन की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है
किसान ने शिकायत की कि उनकी जमीन की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है, लेकिन भुगतान अब तक नहीं मिला। वे लगातार दफ्तर के चक्कर काट रहे थे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। जनसुनवाई में मामला सामने आते ही सीईओ आरके सिंह ने इसे गंभीर लापरवाही माना और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।सीईओ ने कहा कि प्राधिकरण में किसानों के भुगतान से संबंधित किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
उन्होंने तीनों अधिकारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है और अंतिम चेतावनी दी है कि दोषी पाए जाने पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई यमुना प्राधिकरण में किसान हितों को प्राथमिकता देने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। हाल के महीनों में प्राधिकरण ने किसानों के अतिरिक्त मुआवजे और अन्य मामलों पर भी सक्रिय रुख अपनाया है, लेकिन भुगतान में देरी के मामले अभी भी चुनौती बने हुए हैं।
जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश
प्राधिकरण के अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता किसान को जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सीईओ ने सभी संबंधित विभागों को चेतावनी दी है कि किसानों के मामलों में समयबद्ध कार्रवाई अनिवार्य है, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्ती बरती जाएगी।