नोएडा। थाना बिसरख क्षेत्र के राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में एक दुखद घटना घटी है। 21 वर्षीय सागर यादव नामक युवक ने अपनी मां को चाकू मारकर मामूली रूप से घायल किया और फिर पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घटना शनिवार को हुई। राधा स्काई गार्डन सोसाइटी टावर-1, फ्लैट नंबर 1804 में रहने वाले सागर यादव पुत्र अनिल यादव (निवासी मूल रूप से ग्राम पतवाड़ी, थाना बिसरख) मानसिक रूप से अस्वस्थ था। वह अपनी मां, पिता और छोटे भाई के साथ रहता था।
परिजनों के अनुसार सागर की अपनी मां के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर सागर ने अपनी मां को चाकू मार दिया, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं। इसके बाद सागर 18वीं मंजिल से नीचे उतरकर 5वीं मंजिल से कूद गया। आसपास के लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस कार्रवाई: थाना बिसरख पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच चल रही है और आगे की आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
एडीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। युवक के मानसिक स्वास्थ्य की समस्या परिवार को पहले से पता थी। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।