
ग्रेटर नोएडा के जलालपुर गांव का रहने वाला एक युवक नरेश दो दिन पहले रहस्यमय तरीके से लापता हो गया था. परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की सूचना बिसरख थाने में दी थी, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस ने समय पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. अब दो दिन बाद नरेश का शव बुलंदशहर जिले के वलीपुरा नहर के किनारे से बरामद हुआ है. शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की.
परिजनों ने थाने के बाहर किया प्रदर्शन
नरेश की मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजन बिसरख थाने पहुंचे और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया. उनका कहना है कि अगर पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो शायद नरेश की जान बचाई जा सकती थी.
परिजनों ने की मौत की जांच की मांग
परिजनों ने नरेश की मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले की गंभीर जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है. वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की कार्यशैली और गुमशुदा के मामलों को लेकर लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं. गांव और आसपास के इलाके में भी इस घटना को लेकर लोगों में गुस्सा और दुख देखा जा रहा है.