Trump-Europe Tensions: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ग्रीनलैंड को लेकर यूरोपीय देशों पर टैरिफ लगाने की धमकी ने वैश्विक व्यापार में हलचल बढ़ा दी है। ट्रंप ने साफ संकेत दिए हैं कि यदि यूरोप ने उनके प्रस्तावों का विरोध जारी रखा तो फरवरी से कई सहयोगी देशों पर भारी शुल्क लगाया जाएगा। इस टकराव का असर वैश्विक बाजारों के साथ-साथ भारत की अर्थव्यवस्था और व्यापार रणनीति पर भी पड़ सकता है। हालांकि विशेषज्ञ मानते हैं कि यह स्थिति भारत के लिए चुनौती के साथ-साथ अवसर भी लेकर आ सकती है।
टैरिफ को हथियार बनाने की नीति
विशेषज्ञों का कहना है कि ट्रंप जिस तरह टैरिफ को दबाव बनाने के साधन के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं, उससे किसी भी देश के लिए अमेरिका पर पूरी तरह निर्भर रहना जोखिम भरा हो सकता है। अमेरिका-यूरोप के बीच संभावित व्यापार तनाव से वैश्विक अनिश्चितता बढ़ी है, जिसका असर सोने-चांदी जैसे सुरक्षित निवेश विकल्पों में तेजी के रूप में दिख रहा है। शेयर बाजारों में अल्पकालिक उतार-चढ़ाव की आशंका भी जताई जा रही है।
भारत-यूरोप व्यापार को मिल सकता है बढ़ावा
विश्लेषकों के मुताबिक अगर अमेरिका और यूरोप के बीच व्यापार युद्ध जैसी स्थिति बनती है, तो भारत और यूरोपीय यूनियन के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) की बातचीत को नई गति मिल सकती है। इससे फार्मा, टेक्सटाइल, ऑटोमोबाइल, स्टील, रत्न-आभूषण और सोलर उपकरण जैसे भारतीय सेक्टरों को फायदा हो सकता है। पहले से ही भारत-ब्रिटेन के बीच हुई ट्रेड डील इसका उदाहरण मानी जा रही है।
अमेरिका पर निर्भरता घटाने की जरूरत
ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि भारत को भविष्य की रणनीति में अमेरिका पर अत्यधिक निर्भरता कम करनी होगी। रूस, ईरान और अन्य देशों से ऊर्जा और व्यापार संबंधों में कटौती का दबाव भारत पर पहले ही देखा जा चुका है। ग्रीनलैंड विवाद यह संकेत देता है कि अमेरिका अपने सहयोगियों पर भी दबाव डाल सकता है।
रणनीतिक संतुलन का सबक
सामरिक विशेषज्ञों के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम से भारत को यह सबक मिलता है कि उसे अपने राष्ट्रीय और आर्थिक हितों को प्राथमिकता देते हुए बहुपक्षीय व्यापार संबंध मजबूत करने चाहिए। यूरोप के साथ नजदीकी बढ़ाना और नए साझेदार तलाशना भारत के लिए दीर्घकालिक रूप से फायदेमंद साबित हो सकता है।