मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। शादी की सारी तैयारियां पूरी थीं, दुल्हन सजी-धजी मंडप में बैठी थी, लेकिन दूल्हा बारात लेकर पहुंचा ही नहीं। वजह थी दहेज में नई कार की अचानक की गई मांग। मामला अब थाने तक पहुंच गया है और पुलिस जांच में जुट गई है। छिंदवाड़ा के मानेगांव मोठार निवासी अरविंद सूर्यवंशी की शादी बिजोरी खुर्द की युवती से तय हुई थी। शुक्रवार को विवाह स्थल वंदना लॉन में तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। दुल्हन हल्दी लगाकर मंडप में बैठी रही, लेकिन बारात नहीं पहुंची।
नई कार न मिलने पर बदला मन
दुल्हन के भाई के अनुसार, दूल्हे ने सुबह फोन कर कहा कि वह तब ही आएगा जब दहेज में नई कार मिलेगी। परिवार को लगा शायद मजाक कर रहा है, लेकिन इंतजार करते-करते रात हो गई और बारात नहीं आई। शादी में दोनों परिवारों के रिश्तेदार और समाज के लोग पहुंचे हुए थे। बारात न आने से लड़की पक्ष को भारी अपमान का सामना करना पड़ा। रात 9 बजे तक इंतजार करने के बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
2 महीने पहले हुई थी सगाई
इस शादी की सगाई 8 मार्च को हुई थी और 9 मई की शादी की तारीख तय की गई थी। लड़की पक्ष ने सभी धार्मिक रस्मों की तैयारी पहले से कर रखी थी। देहात थाना प्रभारी जीएस राजपूत ने बताया कि दुल्हन पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। दूल्हा और उसके परिवार के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Groom Ran Away
Dowry Demand Case
Wedding Cancellation
Bride Waiting in Mandap
Chhindwara Marriage Dispute