गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र स्थित बदरखा गांव में उस समय उत्साह और जश्न का माहौल बन गया, जब एक दूल्हा अपनी दुल्हन को लेने हेलीकॉप्टर से गांव पहुंचा। गांव के इतिहास में यह पहला अवसर था, जब निकाह की रस्म को इस तरह शाही अंदाज़ में निभाया गया। हेलीकॉप्टर के उतरते ही पूरे इलाके में कौतूहल और रोमांच का माहौल बन गया। यह हेलीकॉप्टर गांव के पास स्थित घोड़ा फार्म में उतरा। जैसे ही हेलीकॉप्टर जमीन पर आया, सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सभी इस नज़ारे को देखने के लिए उत्साहित नजर आए।
हेलीकॉप्टर से बारात लाने का निर्णय लिया
कई लोगों ने इस ऐतिहासिक पल को अपने मोबाइल फोन में कैद किया। बदरखा गांव निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता इंतजार अली की बेटी फरहीन खातून का निकाह अमरोहा जनपद के बछरायूं क्षेत्र के मुड़ा खेड़ा गांव निवासी मोहसिन से तय हुआ था। दूल्हे मोहसिन की इच्छा थी कि वह अपनी दुल्हन को कुछ खास और यादगार अंदाज में विदा कराकर लाएं। परिवार की सहमति के बाद हेलीकॉप्टर से बारात लाने का निर्णय लिया गया।मोहसिन हेलीकॉप्टर के माध्यम से अमरोहा के मुड़ा खेड़ा गांव से उड़ान भरकर सीधे बदरखा पहुंचे।
यह निकाह लंबे समय तक याद रखा जाएगा
हेलीकॉप्टर से दूल्हे के आगमन ने निकाह समारोह को भव्य और ऐतिहासिक बना दिया। इसके बाद हाईवे स्थित देव फार्म हाउस में बारात का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में हाजी इमामुद्दीन, जहीन चौधरी, मदहत अली मुखिया, डॉ. साजिद और नजाकत अली सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने इसे बदरखा गांव के लिए गर्व का क्षण बताया और कहा कि यह निकाह लंबे समय तक याद रखा जाएगा।