नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर संकेत दिया था कि इस दिवाली देशवासियों को बड़ा तोहफा मिलेगा। अब चर्चा तेज हो गई है कि जीएसटी (GST) में बड़े बदलाव लागू किए जा सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, सरकार 5%, 18% और 40% के नए स्लैब लाने पर विचार कर रही है। इसमें रोजमर्रा की जरूरत के सामान सस्ते होंगे, जबकि तंबाकू और सिगरेट पर 40% टैक्स लगाया जा सकता है। साथ ही आमजन से जुड़ी चीजों को सस्ता करने की भी बात चल रही है. ताकि गरीब लोगों को कोई परेशानी न हो..
कौन-कौन से सामान होंगे सस्ते?
मौजूदा समय में जिन उत्पादों पर 12% जीएसटी लगता है, उन्हें घटाकर 5% स्लैब में लाने की तैयारी है। इसमें दूध, दही, पेंसिल, शॉर्पनर, साइकिल, 1000 रुपये तक की चप्पल, नमकीन, पास्ता, सूखा मेवा और फर्नीचर शामिल हैं। वहीं, टीवी और वॉशिंग मशीन जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामान भी सस्ते हो सकते हैं।
महंगे होंगे सिगरेट और शराब
सरकार ने संकेत दिया है कि तंबाकू, सिगरेट, बीयर और अन्य हानिकारक उत्पादों पर 40% जीएसटी लगाया जा सकता है। अभी इन पर 28% टैक्स लगता है। इस बदलाव से जहां आम लोगों को राहत मिलेगी, वहीं नशे से जुड़ी वस्तुओं पर खर्च बढ़ सकता है।
किसानों और छात्रों को राहत
कृषि उपकरण, इंश्योरेंस और शिक्षा से जुड़ी सेवाओं पर भी टैक्स घटाने का प्रस्ताव है। इससे किसानों और विद्यार्थियों को सीधी राहत मिलेगी। सरकार का दावा है कि इस सुधार से आम जनता की जेब हल्की नहीं होगी, बल्कि खर्च का बोझ और कम होगा।
भारत में जीएसटी सुधार
वित्त मंत्रालय ने यह प्रस्ताव मंत्रियों के समूह को भेजा है, जो जीएसटी काउंसिल के सामने सिफारिशें रखेगा। वहां सभी राज्यों के वित्त मंत्री इस पर चर्चा करेंगे। संशोधन के बाद ही इन पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।