गुजरात के कच्छ जिले में गुरुवार दोपहर कुछ ही मिनटों के अंतराल पर दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। लगातार आए झटकों के बाद लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि शुरुआती जानकारी में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है।
तीन मिनट के भीतर दो बार आया भूकंप
जानकारी के अनुसार, पहला भूकंप दोपहर 2:20 बजे आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 दर्ज की गई। इसका केंद्र खावड़ा से लगभग 32 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था। इसके तीन मिनट बाद दोपहर 2:23 बजे दूसरा झटका महसूस हुआ, जिसकी तीव्रता 3.2 मापी गई। दूसरे भूकंप का केंद्र धोलावीरा से करीब 32 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर दिशा में बताया गया।
फिलहाल किसी नुकसान की सूचना नहीं
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों भूकंपों से किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। हालांकि, लगातार दो झटकों के कारण स्थानीय लोगों में कुछ समय के लिए चिंता का माहौल रहा। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
भूकंप के लिहाज से संवेदनशील है कच्छ
कच्छ देश के उन इलाकों में शामिल है, जहां समय-समय पर हल्के और मध्यम तीव्रता के भूकंप दर्ज किए जाते हैं। इससे पहले 13 जुलाई को जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में 3.6 तीव्रता का भूकंप आया था। वहीं 9 जुलाई को महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के नांदेड़, हिंगोली और परभणी जिलों में भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे। इसके अलावा जून के अंत में अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में आए 6.2 तीव्रता के भूकंप के झटके भारत समेत कई देशों में महसूस किए गए थे।