गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सोमवार की शाम ऑफिस से घर लौट रहे लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। नेशनल हाईवे पर चार किलोमीटर लंबा जाम देखने को मिला, जिसमें एंबुलेंस तक फंसी रहीं। कई गाड़ियां ब्रेकडाउन हो गईं और लोगों को घर पहुंचने में आधी रात लग गई। प्रशासन और मौसम विभाग ने आज भी भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।
स्कूलों में अवकाश, ऑनलाइन क्लास का विकल्प
लगातार बारिश और जलभराव को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंगलवार को सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए स्कूलों को ऑनलाइन क्लास संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को सुरक्षित घर पर ही रखें।
कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह
प्रशासन ने कॉर्पोरेट और निजी कंपनियों से आग्रह किया है कि वे कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दें। सड़कोंजलभराव और जाम की स्थिति को देखते हुए यह कदम जरूरी बताया गया है। अधिकारियों का कहना है कि अनावश्यक यात्रा से बचना ही फिलहाल सबसे बेहतर उपाय है।
बारिश से बिगड़े हालात, नदियों का जलस्तर बढ़ा
गुरुग्राम में 120 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। शुभ्रो पार्क और दिल्ली-गुरुग्राम रोड पर भीषण जाम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। वहीं, हरियाणा के अन्य जिलों में भी नदियों का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। यमुनानगर में हथिनीकुंड बैराज के गेट खोलने पड़े, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
अगले 36 घंटे अहम
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 से 36 घंटे तक हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। लगातार हो रही बारिश से नदियां और छोटी धाराएं उफान पर हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।