
साइबर सिटी गुरुग्राम में दिनदहाड़े बीच सड़क पर मॉडल के सामने अश्लील हरकतें करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे धकेल दिया है। मामला को 4 अगस्त का है जब मॉडल जयपुर से गुरुग्राम आई थी और राजीव चौक पर कैब का इंतजार कर रही थी। उसी दौरान युवक ने मॉडल के सामने पैंट की जिप खोली और अश्लील हरकतें करने लगा। पूरी घटना को मॉडल ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया था। गुरुग्राम पुलिस के संज्ञान में जैसे ही वीडियो आई पुलिस ने थाना सिविल लाइन में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
कैब का इंतजार कर रही थीं
वहीं घटना के दिन मॉडल ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि वह जयपुर से गुरुग्राम आई थीं और राजीव चौक बस स्टॉप पर कैब का इंतजार कर रही थीं। तभी एक युवक लगातार उन्हें घूरने लगा और फिर पैंट की जिप खोलकर उनके सामने अश्लील हरकतें करने लगा। उसने कैब ड्राइवर को कॉल भी किये लेकिन कैब ड्राइवर ने फोन नहीं उठाया, जिसके बाद उसने दूसरी कैब से बुक की और डरते डरते घर लौट आई।
मॉडल ने कहा कि जिस वक्त यह घटना हुई थी, वह कैब का इंतजार कर रही थीं। कैब ड्राइवर को कई बार कॉल किया था, लेकिन कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला। मजबूरी में दूसरी कैब बुलानी पड़ी। लोगों ने कहा चिल्लाना चाहिए था, पर डर और सदमे में थीं। मॉडल ने बताया कि घटना के बाद कुछ लोगों ने कहा कि मुझे युवक को थप्पड़ मारना चाहिए था या चिल्लाना चाहिए था, लेकिन मैंने कहा कि उस समय लड़की के दिमाग में क्या चलता है, कोई नहीं समझता। मैं बस सुरक्षित रहना चाहती थी।
CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई
पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी की पहचान के लिए प्रयास शुरू किए। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल व आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान पुलिस टीम को आरोपी की पहचान करने में कामयाबी मिली। इसे पुलिस ने गुरुग्राम् के सेक्टर 49 से काबू कर लिया। आरोपी की पहचान अभिलाष कुमार (उम्र-32 वर्ष, शिक्षा-एम.टेक.) निवासी मकान नम्बर 1563, गली नम्बर-4 बाहदुर चन्द कॉलोनी (करनाल) वर्तमान किराएदार सैक्टर-11, गुरुग्राम के रूप में हुई।
आरोपी से पुलिस पूछताछ में पता चला कि वह शादीशुदा है और उसके 1 बेटा भी है। आरोपी सैक्टर-49 गुरुग्राम में स्थित एक कम्पनी में एसिस्टेंट मैनेजर के पद पर नौकरी करता है। कम्पनी में जाने के लिए वह अपने किराए के मकान से राजीव चौक होकर जाता है। वह अपने बेटे के स्कूल से पेरेन्ट-टीचर मीटिंग से वापस अपने किराए के कमरे पर जा रहा था तो रास्ते में राजीव चौक पर रुका उसी दौरान उसने वारदात को अंजाम दिया था।