GWALIOR FIRING CASE: ग्वालियर के सिटी सेंटर में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस अधीक्षक कार्यालय से कुछ ही दूरी पर फायरिंग की घटना सामने आई। नगर निगम की स्मार्ट पार्किंग के सामने दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक पर गोली चलाए जाने का आरोप है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दो खाली राउंड बरामद किए। पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से मामले की जांच कर रही है।
झगड़ा देख बीच-बचाव करने पहुंचा था युवक
जानकारी के मुताबिक, विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सिटी सेंटर में संदीप गुर्जर अपने ऑफिस के बाहर खड़े थे। इसी दौरान उन्होंने राहुल गुर्जर और सौरभ गुर्जर के बीच विवाद देखा। दोनों को झगड़ता देख संदीप बीच-बचाव करने पहुंचे। संदीप का आरोप है कि इसके बाद विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों को मौके पर बुलाया गया।
फायरिंग के बाद इलाके में मची अफरा-तफरी
संदीप गुर्जर के मुताबिक, विवाद के दौरान उनकी तरफ फायरिंग की गई। अचानक गोलियां चलने से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पुलिस ने मौके से दो खाली राउंड बरामद किए हैं। फायरिंग में किसी के घायल होने की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
मोटरसाइकिल को लेकर विवाद की बात
मामले की जांच करने पहुंचे सीएसपी रवि भदौरिया के अनुसार, शुरुआती जांच में विवाद दो कलेक्शन एजेंटों के बीच होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि विवाद एक मोटरसाइकिल को लेकर शुरू हुआ। पुलिस के मुताबिक, एक फाइनेंस कंपनी से फाइनेंस कराई गई बाइक को उसके मालिक ने दूसरी पार्टी को बेच दिया था। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ।
CCTV फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस
पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान और घटनाक्रम की पुष्टि करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही फायरिंग की पूरी वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
VVIP मूवमेंट के बीच वारदात से सुरक्षा पर सवाल
ग्वालियर में VVIP मूवमेंट के दौरान SP ऑफिस से कुछ ही दूरी पर फायरिंग की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और उपलब्ध CCTV फुटेज तथा घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।