मध्यप्रदेश के ग्वालियर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नशेड़ी पिता ने अपनी 24 साल की बेटी को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। कहासुनी के बाद आरोपी पिता ने पहले बेटी की आंखों में लाल मिर्च झोंकी और फिर चाकू से लगातार वार किए। घायल बेटी ने तड़पते हुए अपनी मां को आखिरी बार फोन कर मदद की गुहार लगाई, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है।
विवाद से शुरू हुआ खौफनाक घटनाक्रम
पुलिस के मुताबिक, ग्वालियर के बेलदारपुरा इलाके में गुरुवार दोपहर यह वारदात हुई। आरोपी पिता बादाम सिंह सुबह से ही शराब के नशे में था। घर पर मौजूद बेटी रानी (24) और बहू निर्मला के सामने उसका झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर उसने पहले रानी की आंखों में लाल मिर्च फेंकी, फिर चाकू लेकर उस पर टूट पड़ा। रानी जान बचाने के लिए बाहर भागी, लेकिन आरोपी ने पीछा करते हुए उसके पेट और सीने में दो गहरे वार कर दिए।
मां से आखिरी बात
घायल रानी ने तड़पते हुए अपनी मां भगवती को फोन किया और कहा, “जल्दी आओ, पापा ने चाकू मार दिया है, खून निकल रहा है।” मां के पहुंचने से पहले रानी खून से लथपथ जमीन पर गिर चुकी थी। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी की आदतें और गिरफ्तारी
परिजनों ने बताया कि बादाम सिंह नशे का आदी है और रोज घर में झगड़ा करता था। कुछ दिन पहले ट्रेन से उसका पैर कट चुका था और नशे के लिए पैसे न मिलने पर उसने जहर भी खा लिया था। वारदात के बाद मोहल्ले वालों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने खून से सना चाकू और लाल मिर्च के निशान बरामद किए हैं।