ग्वालियर से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां नीट परीक्षा की आंसर-की देखने के बाद एक 12वीं के छात्र ने आत्महत्या कर ली। छात्र को जब आंसर-की में अपने कम अंक दिखाई दिए तो वह मानसिक दबाव में आ गया। घर में ही पिता की लाइसेंसी पिस्टल उठाई और खुद को गोली मार ली। परिजन गोली की आवाज सुनकर जब कमरे में पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। छात्र खून से लथपथ पड़ा था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक छात्र सेना से रिटायर्ड एक पूर्व फौजी का बेटा था, जो मेडिकल की तैयारी कर रहा था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है...
NEET आंसर-की से टूटी उम्मीद
घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के बालाजी कॉम्प्लेक्स, शताब्दीपुरम की है। यहां 18 वर्षीय निखिल प्रताप सिंह राठौर अपने माता-पिता और भाई के साथ रहता था। निखिल ने हाल ही में NEET परीक्षा दी थी और मेडिकल कॉलेज में एडमिशन की तैयारी कर रहा था। मंगलवार को जब नीट की आंसर-की जारी हुई, तो उसके अनुमानित नंबर काफी कम आए। इससे वह मानसिक तनाव और निराशा में चला गया।
रात 8 बजे कमरे में लिया खौफनाक फैसला
घर में कोई अनहोनी न हो, इसका किसी को अंदेशा नहीं था। लेकिन रात करीब 8 बजे निखिल चुपचाप नीचे के कमरे में गया और पिता की लाइसेंसी पिस्टल से अपनी कनपटी पर गोली चला दी। गोली की तेज आवाज से घरवाले घबरा गए और दौड़ते हुए नीचे पहुंचे। वहां उन्होंने निखिल को खून से सना पाया।
परिजन पहुंचे अस्पताल, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन तुरंत निखिल को लेकर ग्वालियर के भिंड रोड स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
सेना से रिटायर्ड पिता ने की थी कोचिंग की
व्यवस्था
निखिल के पिता सेना से सेवानिवृत्त हैं और ग्वालियर में अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए बसे हैं। उनका बड़ा बेटा बीटेक कर रहा है, जबकि निखिल मेडिकल की तैयारी कर रहा था। पिता खुद उसे कोचिंग सेंटर लेकर जाते थे और पढ़ाई के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे थे।
पुलिस जांच में जुटी, आत्महत्या का कारण आंसर-की में कम नंबर
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मामले में मर्ग कायम किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आंसर-की में कम नंबर आने से निखिल मानसिक तनाव में था। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।