मध्य प्रदेश के ग्वालियर में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार रैकेट का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। विकास नगर स्थित आमंत्रा स्पा सेंटर से विदेशी युवतियों की सप्लाई का नेटवर्क सामने आया है, जिसके तार थाईलैंड तक जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस जांच में 15-20 दिन में युवतियों की अदला-बदली और सीसीटीवी निगरानी जैसे कई सनसनीखेज तथ्य सामने आए हैं।
स्पा सेंटर की आड़ में संगठित रैकेट
विकास नगर, पड़ाव क्षेत्र में संचालित आमंत्रा स्पा सेंटर केवल मसाज पार्लर नहीं था, बल्कि यहां संगठित तरीके से देह व्यापार संचालित किया जा रहा था। पुलिस कार्रवाई के दौरान विदेशी युवतियां पकड़ी गईं, जिससे इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह रैकेट लंबे समय से सक्रिय था और अलग-अलग शहरों से संचालित हो रहा था।
15-20 दिन में होती थी अदला-बदली
जांच में सामने आया कि विदेशी युवतियों को 15 से 20 दिन के अंतराल में अलग-अलग शहरों में शिफ्ट किया जाता था। इस अदला-बदली का मकसद पुलिस की नजर से बचना और ग्राहकों के बीच नई मांग बनाए रखना था। संचालक ने पूछताछ में स्वीकार किया कि थाईलैंड की युवतियों की मांग अधिक रहती थी और उन्हें जयपुर के एक दलाल के माध्यम से बुलाया जाता था।
भाषा बनी जांच में बाधा
पुलिस के मुताबिक पकड़ी गई दोनों युवतियां न हिंदी समझ पा रही हैं और न ही अंग्रेजी, जिससे पूछताछ में दिक्कत आ रही है। दुभाषिए की मदद लेने की तैयारी की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्हें किस तरह भारत लाया गया और किन-किन शहरों में भेजा गया।
सीसीटीवी से रखी जाती थी पुलिस पर नजर
आरोपी ने पुलिस गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए थे। सांई बाबा मंदिर तक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इमारत की पहली मंजिल पर जिम संचालित होता था, जहां से सर्विलांस कंट्रोल रूम बनाया गया था। पुलिस के आने की भनक लगते ही अलग रास्ते का शटर बंद कर दिया जाता था।
पंटर बनाकर की गई कार्रवाई, नेटवर्क की तलाश जारी
सोमवार को पुलिस ने एक पंटर को ग्राहक बनाकर स्पा सेंटर भेजा, जिसके जरिए अंदर की गतिविधियों की पुष्टि हुई। एएसपी विदिता डागर के अनुसार, विदेशी युवतियों को अनैतिक गतिविधियों के लिए लाने वाले नेटवर्क की पहचान की जा रही है। कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी संभव है।